काफ़ी लंबी चली बैठक के बाद हॉकी इंडिया और खिलाड़ियों के बीच पैसे को लेकर चल रहा विवाद खत्म हो गया है.
खिलाड़ियों ने विश्व कप के लिए पुणे में चल रहे अभ्यास सत्र में लौटने का भी एलान कर दिया है.
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ए के मट्टू ने कहा कि विवाद अब सुलझ गया है लेकिन पैसे के मामले में किस तरह का समझौता हो पाया इस पर उन्होंने और जानकारी नहीं दी.
उनका कहना था, हमने खिलाड़ियों की परेशानी को समझा है और उन्होंने भी हमारी मुश्किलों को समझा है. दोनों ही पक्ष अब आगे देख रहे हैं क्योंकि हमारी प्राथमिकता विश्व कप है और मुझे विश्वास है कि हम पदक जीतेंगे.’’
कप्तान राजपाल सिंह ने भी पत्रकारों से बात करते हुए कि मामला सुलझ गया है.
उनका कहना था, हम रविवार से अभ्यास सत्र के लिए जा रहे हैं. हमारा काम मैदान पर खेलना है और प्रशासकों का काम दूसरे मामलों को सुलझाना.’’
कप्तान राजपाल सिंह समेत अन्य खिलाड़ियों ने प्रोत्साहन राशि की मांग करते हुए अभ्यास कैंप का बहिष्कार कर दिया था.
ए के मट्टू ने इस मामले पर और रौशनी डालने से इंकार किया और कहा कि पैसा कोई मुद्दा था ही नहीं.
कप्तान राजपाल सिंह ने कहा है कि पैसे के मामले से टीम के मनोबल पर कोई असर नहीं पड़ेगा.
विश्व कप 28 फ़रवरी से 13 मार्च तक दिल्ली में खेला जा रहा है.