पाकिस्तान ने फ़्रांस में एक क्वालिफ़ाइंग मुक़ाबला जीतकर भारत में होने वाले हॉकी विश्व कप में जगह पक्की कर ली है.
पूर्व ओलंपिक चैंपियन पाकिस्तान ने जापान को 3-1 से हराकर ये जगह पक्की की.
पाकिस्तान ने 12वें मिनट में बढ़त ली जबकि शकील अब्बासी ने 50 मीटर तक गेंद को आगे बढ़ाकर अब्दुल हसीम ख़ान को पास दिया. दूसरा गोल सुहैल अब्बास ने 12 मिनट बाद ही एक पेनल्टी कॉर्नर के ज़रिए किया.
इसके कुछ देर बाद ही जापान की ओर से काज़ुहीरो सुबाओची ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर दिया.
मगर सुहैल अब्बास ने 41वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर से गोल करके जीत पक्की कर दी.
इस विश्व कप में 12 देश हिस्सा लेंगे जिनमें से तीन जगहें इस तरह के टूर्नामेंट के ज़रिए भरी जा रही हैं.
अन्य दो स्थान न्यूज़ीलैंड में इन दिनों हो रहे एक क्वालिफ़ाइंग टूर्नामेंट के विजेता और अगले हफ़्ते अर्जेंटीना में होने वाले क्वालिफ़ाइंग टूर्नामेंट के विजेता के ज़रिए भरे जाएँगे.
इंग्लैंड, ओलंपिक और विश्व चैंपियन जर्मनी, नीदरलैंड और स्पेन यूरोप क्षेत्र से क्वालिफ़ाइ कर चुके हैं.
उनके साथ होंगे पैन अमरीकन चैंपियन कनाडा, अफ़्रीकी चैंपियन दक्षिण अफ़्रीका, ओसेनिया कप के चैंपियन ऑस्ट्रेलिया और एशिया कप के चैंपियन दक्षिण कोरिया.
भारत में 28 फ़रवरी से 13 मार्च के बीच विश्व कप आयोजित हो रहा है और भारत मेज़बान देश होने के नाते पहले ही क्वालिफ़ाई कर चुका है.