अगले साल यानी 2010 में होने वाले हॉकी विश्व कप का पहला मैच भारत और पाकिस्तान की टीमों के बीच खेला जाएगा. अंतरराष्ट्रीय हॉकी फेडरेशन ने विश्व कप के मैचों की सूची मंगलवार को जारी की है जिसके अनुसार विश्व कप के उदघाटन के दिन ही चिर प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान का मैच होगा.
इसके अलावा पहले दिन इंग्लैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया तथा स्पेन बनाम दक्षिण अफ्रीका का मैच भी खेला जाएगा. हॉकी विश्व कप का आयोजन दिल्ली में 28 फरवरी से 13 मार्च तक हो रहा है.
आयोजन में भारत और पाकिस्तान के अलावा अर्जेंटीना, जर्मनी, कोरिया, कनाडा,हॉलैंड, न्यूज़ीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और स्पेन की टीमें हिस्सा ले रही हैं जिन्हें पूल ए और पूल बी में बांटा गया है. इस समय ओलंपिक और विश्व चैंपियन का ख़िताब जर्मनी के नाम है और इस बार उनका पहला मैच कोरिया के साथ एक मार्च को होने वाला है. टूर्नामेंट के दो सेमी फाइनल 11 मार्च को और फाइनल 13 मार्च को खेला जाएगा.
पूल ए- अर्जेंटीना, कनाडा, जर्मनी, कोरिया, नीदरलैंड्स, न्यूज़ीलैंड
पूल बी- भारत, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, स्पेन
भारत के मैच
28 फरवरी 2010- भारत बनाम पाकिस्तान
2 मार्च 2010- भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया
4 मार्च 2010- भारत बनाम स्पेन
6 मार्च 2010- भारत बनाम इंग्लैंड
8 मार्च 2010- भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका