अमेरिकी ओपन : ऑडिन ने पेत्रोवा की छुट्टी की (लीड-1)
अंतिम आठ दौर में जगह बनाने के लिए ऑडिन ने रूस की नादिया पेत्रोवा की चुनौती समाप्त की। 17 साल की ऑडिन ने पेत्रोवा को 1-6, 7-6 (7-2), 6-3 से पराजित किया।
इस साल विंबलडन में चौथे दौर तक का सफर तय करने वाली ऑडिन ने अमेरिकी ओपन के चौथे दौर में एलेना दिमेंतिएवा और दूसरे दौर में रूस की मारिया शारापोवा को हराया था।
युक्रेन की कैटरीना बोंडारेंको और बेल्जियम की यानिना विकमायेर भी अंतिम-आठ दौर में पहुंचने में सफल रही हैं। बोंडारेंको ने जहां अर्जेटीना की गिसेला डुल्को को 6-0, 6-0 से हराया वहीं विकमायेर ने चेक गणराज्य की पेट्रा क्वीतोवा को 4-6, 6-4, 7-5 से पराजित किया।
उधर, विश्व के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त पुरुष टेनिस खिलाड़ी स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर भी क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। अंतिम आठ में जगह बनाने के लिए पांच बार के चैंपियन फेडरर ने टॉमी रोब्रेडो को सीधे सेटों में 7-5, 6-2, 6-2 से पराजित किया।
अगले दौर में फेडरर का सामना स्वीडन के रोबिन सोल्डरलिंग के साथ होगा, जिन्होंने रूस के निकोली डेवीडेंको को 7-5, 3-6, 6-2 से हराया। मांसपेशियों में खिंचाव के कारण डेवीडेंको यह मैच पूरा नहीं कर सके।
फेडरर ने इस साल जून में सोल्डरलिंग को हराकर अपने करियर का पहला फ्रेंच ओपन खिताब जीता था। दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक 11 मुकाबले हुए हैं, जिनमें फेडरर ने बाजी मारी है।
स्पेन के फर्नाडो वर्दास्को भी अंतिम आठ दौर में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं। उन्होंने अमेरिकी खिलाड़ी जान इश्नर को 4-6, 6-4, 6-4, 6-4 से हराया। वर्दास्को पहली बार अमेरिकी ओपन के अंतिम आठ दौर में पहुंचे हैं।
अगले दौर में वर्दास्को का सामना सर्बिया के नोवाक जोकोविक के साथ होगा, जिन्होंने चेक गणराज्य के राडेक स्टेपानेक को सीधे सेटों में 6-1, 6-3, 6-3 से हराया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications