सेंचुरियन में अगर पाकिस्तानी टीम रिकी पोंटिंग की टीम को पटकनी दे देती है तो यूनुस खान से ज्यादा धौनी के चेहरे पर खुशी झलकेगी। परंतु अगर कहीं पाकिस्तानी टीम परास्त हो जाती है तो हार का गम यूनुस से कहीं ज्यादा धौनी को ही महसूस होगा। ऐसी स्थिति में भारतीय टीम को बैरंग स्वेदश लौटना पड़ेगा।
समूह ए में भारत और वेस्टइंडीज को मात देकर पाकिस्तान पहले सेमीफाइनल में पहुंच चुका है। ऐसे में इस समूह में दूसरी कौन सी टीम सेमीफाइनल में पहुंचेगी, इसका फैसला आज हो जाएगा। सेंचुरियन में पाकिस्तान के हारने पर भारतीय टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी।
भारतीय टीम के लिए चैम्पियंस ट्रॉफी की खिताबी जंग में बने रहने के लिए यह आखिरी मौका है। अगर पाकिस्तानी टीम आस्ट्रेलिया को हरा देती है तो सेमीफाइनल में पहुंचने की भारत की राह बेहद आसान हो जाएगी। ऐसी स्थित भारतीय टीम को अपने आखिरी लीग मैच में वेस्टइंडीज को बड़े अंतर से हराना होगा। कैरेबियाई टीम दोयम दर्जे की है और ऐसे में उसे हराना भारत के लिए आसान भी रहेगा।
आस्ट्रेलियाई टीम अपने पहले मैच में वेस्टइंडीज को हरा चुकी है। भारत के खिलाफ उसका मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। ऐसे में उसके लिए भी आज का यह मैच बेहद अहम है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*