Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

अमेरिकी ओपन : भारत के लिए अच्छा दिन, सफीना और शारापोवा को निराशा (राउंडअप)

पेस और भूपति अपने-अपने जोड़ीदारों के साथ युगल और मिश्रित युगल मुकाबलों में जीत हासिल करने में सफल रहे हैं। बहामास के मार्क नोल्स के साथ खेल रहे भूपति पुरुषों के युगल वर्ग के तीसरे दौर में पहुंचने में सफल रहे हैं।

भूपति-नोल्स की तीसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने शनिवार को दूसरे दौर के मुकाबले में अमेरिका के जेसी लेविन और रेयान स्विटिंग की जोड़ी को 7-5, 6-2 से पराजित किया। अगले दौर में भूपति-नोल्स का सामना चीनी ताइपे के येन ह्सुन लू और इजलायल के डुडी सेला के साथ होगा।

मिश्रित युगल में भी भूपति को सफलता मिली। अमेरिका की लेजल ह्यूबर के साथ खेल रहे भूपति दूसरे दौर में अमेरिका की जिल श्राइबर और एरिक ब्यूटोराक की जोड़ी को 6-3, 6-3 से पराजित करने में सफल रहे।

दूसरी ओर, चेक गणराज्य के अपने साथी लुकास डुल्ही के साथ खेलते हुए पेस पुरुषों के युगल मुकाबलों के तीसरे दौर में स्थान बनाने में सफल रहे हैं। पेस-डुल्ही ने स्पेन के निकोलस अल्माग्रो और रुबेन रामिरेज हिडाल्गो को सीधे सेटों में 6-2, 6-3 से पराजित किया। 59 मिनट तक चले मुकाबले के दौरान पेस-डुल्ही ने छह ब्रेक-प्वाइंट हासिल किए।

इस साल फ्रेंच ओपन खिताब जीतने वाले पेस-डुल्ही अगले दौर में आस्ट्रिया के जूलियन नोल और जुर्गे मेल्जर से दो-दो हाथ करेंगे। वर्ष 2006 में मार्टिन डैम के साथ यहां खिताब जीतने वाले पेस अपने मौजूदा साथी के साथ पिछले साल फाइनल में पहुंचने में सफल रहे थे।

युगल के बाद पेस को मिश्रित युगल में भी सफलता हाथ लगी। पेस ने जिंबाब्वे की अपनी जोड़ीदार कारा ब्लैक के साथ मिलकर इटली की फ्लाविया पेनेता और सर्बिया के डुसान वेमिक की जोड़ी को 6-4, 6-4 से हराया। अगले दौर में पेस और ब्लैक का सामना आस्ट्रेलिया की रीनी स्ट्ब्स और स्वीडन के राबर्ट लिंड्सटेड के साथ होगा।

मिश्रित युगल मुकाबले में सानिया मिर्जा अपने जोड़ीदार कनाडा के डेनियल नेस्टर के साथ चुनौती पेश करेंगी। सानिया एकल और महिलाओं के युगल वर्ग से बाहर हो चुकी हैं। एकल वर्ग में भारत की चुनौती दूसरे दौर में समाप्त हो गई है। सानिया और सोमदेव देवबर्मन एकल वर्ग में भारत के उम्मीदवार थे लेकिन दोनों खिलाड़ी दूसरे दौर में हारकर खिताब की दौड़ से बाहर हो चुके हैं।

कंधे का ऑपरेशन कराने के बाद पहला ग्रैंड स्लैम खेल रहीं शारापोवा को अमेरिका की मेलाने ओउडिन ने 3-6, 6-4, 7-5 से हराया। तीन बार ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुकीं शारापोवा मैच के दौरान पूरी तरह फिट नहीं दिखीं। उन्होंने तीसरे सेट में अपने हाथ का इलाज कराया। मैच के दौरान शारापोवा ने कुल 21 डबल फॉल्ट किए।

महिला वर्ग में डेनमार्क की नौवीं वरीयता प्राप्त केरोलिन वोजनिएस्की और छठी वरीयता प्राप्त रूस की स्वेतलाना कुज्नेत्सोवा भी चौथे चौथे दौर में पहुंच गई हैं लेकिन विश्व की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त रूसी खिलाड़ी दिनारा सफीना को हार का सामना करना पड़ा है।

शनिवार को खेले गए तीसरे दौर के मुकाबले में चेक गणराज्य की पेट्रा क्वितोवा ने भारी उलटफेर करते हुए सफीना को बाहर का रास्ता दिखाया। 72वीं वरीयता प्राप्त क्वितोवा ने सफीना को तीसरे दौर में 6-4, 2-6, 7-6 से पराजित किया। इस वर्ष खेले गए ग्रैंड स्लैम प्रतियोगिताओं में यह पहला मौका है कि जब सफीना सेमीफाइनल मुकाबले में भी जगह बनाने में नाकाम रही।

क्वार्टरफाइनल में जगह बनाने के लिए क्विटोवा अगले मुकाबले में बेल्जियम की यानिना विकमेयर से भिड़ेंगी। विकमेयर ने इटली की सारा इरानी पर 6-3, 6-4 से जीत दर्ज की। चौथे दौर में जगह बनाने के लिए वोजनिएस्की ने रूमानिया की सोराना क्रिएस्टा को सीधे सेटों में 6-3, 6-2 से पराजित किया जबकि कुज्नेत्सोवा ने इजरायल की सहर पीर को 7-5, 6-1 से हराया।

महिला वर्ग के अन्य मुकाबलों में रूस की नादिया पेत्रोवा ने चीन की झेंग जेई को 6-4, 6-1 से और युक्रेन की कैटरीना बोंडारेंको ने रूस की अनस्तासिया रोडियोनोवा को 7-6, 6-4 से मात दी।

पुरुषों के एकल वर्ग में अमेरिका के एंडी रॉडिक चौथे दौर में पहुंचने में सफल रहे। शनिवार को खेले गए तीसरे दौर के मुकाबले में रॉडिक ने अपने ही देश के जान इश्नर को कड़े संघर्ष के बाद 7-6 (7-3), 6-3, 3-6, 5-7, 7-6 (7-5) से पराजित किया।

रॉडिक के अलावा सर्वोच्च वरीयता प्राप्त रोजर फेडरर और सर्बिया के नोवाक जोकोविक भी चौथे दौर में पहुंच गए हैं। इस दौर में जगह बनाने के लिए हालांकि इन दोनों खिलाड़ियों को कड़ा संघर्ष करना पड़ा।

फेडरर ने तीसरे दौर में शनिवार को आस्ट्रेलिया के लेटन हेविट को 4-6, 6-3, 7-5, 6-4 से पराजित किया। जीत के बाद फेडरर ने कहा, "मैंने मैच में जिस तरह से वापसी की, उससे बहुत खुश हूं। मैं जानता था कि हेविट के खिलाफ सेट हारने के बाद वापसी करना मुश्किल होता है।"

दूसरी ओर से जोकोविक भी एक संघर्षपूर्ण जीत दर्ज करते हुए चौथे दौर में पहुंच गए। उन्होंने अमेरिका के जेस विटेन को 6-7 (2-7), 6-3, 7-6 (7-2) से मता दी। चेक गणराज्य के राडेक स्टेपानेक स्वीडन के रोबिन सोल्डरलिंग भी चौथे दौर में जगह बनाने में सफल रहे हैं।

स्टेपानेक ने जर्मनी के फिलिप कोलश्राबर को 4-6, 6-2, 6-3, 6-3 से पराजित किया। सोल्डरलिंग ने अमेरिका के सैम क्वेरे को 6-2, 7-5, 6-7. 6-1 से हराया। रूस के निकोली डेवीडेंको और स्पेन के फर्नाडो वर्दास्को भी सफलतापूर्वक प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। डेवीडेंको ने मार्को च्यूदिनेली को 6-4, 7-5, 7-5 से हराया जबकि वर्दास्को ने जर्मनी के टॉमी हास को 3-6, 7-5, 7-6 (10-8), 1-6, 6-4 से पराजित किया।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:24 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+