ननाओ ने गुरुवार को खेले गए 48 किलोग्राम भार वर्ग के मुकाबले में अजरबैजान के मामिसजाद एल्विन को 21-6 से पराजित किया।
अगले दौर में ननाओ का सामना एशियाई चैंपियन थाईलैंड के पोंगप्रायून काइयो के साथ होगा। काइयो ने कजाकिस्तान के कापेजोव एल्देत को पराजित किया।
इससे पहले ननाओ और पोंगप्रायून की एक बार भिड़ंत हो चुकी है। जुहाई में खेले गए एशियाई चैंपियनशिप के फाइनल में पोंगप्रायून ने ही ननाओ को पराजित किया था।
भारत के जय भगवान भी दूसरे दौर में पहुंचने में सफल रहे हैं। जय भगवान ने बुधवार को खेले गए 60 किलोग्राम मुकाबले में वेनेजुएला के रोड्रिग्ज एंजेल को पराजित किया था।
विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप के शुरुआती तीन दिनों में चार भारतीय खिलाड़ी बाहर हो चुके हैं।
मुकाबलों के दूसरे दिन बीजिंग ओलंपिक में क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय कर चुके जितेंद्र कुमार हार गए थे। जितेंद्र को 54 किलोग्राम वर्ग में तजाकिस्तान के मुक्केबाज युनुसोव अनवर ने पराजित किया था।
जितेंद्र के अलावा पहले दौर में हारने वाले भारतीय मुक्केबाजों में एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण जीत चुके सुरंजय सिंह (51 किलोग्राम), मनोज कुमार (64 किलोग्राम) और बीजिंग ओलंपिक में क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय करने वाले अखिल कुमार शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*