महेंद्र सिंह धौनी की टीम ने शुक्रवार को खेले गए कॉम्पैक कप के लीग मैच में न्यूजीलैंड को हराकर पहले स्थान पर पहुंचने का श्रेय हासिल किया था लेकिन 24 घंटे बाद श्रीलंका के हाथों मिली हार के बाद वह तीसरे स्थान पर खिसक गई थी।
भारतीय टीम पहली बार शीर्ष पर पहुंची थी। आमतौर पर इस स्थान पर आस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका की टीमें ही काबिज रही हैं। एकदिवसीय रैंकिंग की शुरुआत 2002 में हुई थी।
उसी दिन आस्ट्रेलिया ने सात मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के चौथे मुकाबले में इंग्लैंड को पराजित कर दूसरा स्थान हासिल किया था। मौजूदा रैंकिंग में दक्षिण अफ्रीका पहले स्थान पर है।
आस्ट्रेलियाई टीम यदि सात मैचों की श्रृंखला में इंग्लैंड को 7-0 से हरा देगी तब वह रैंकिंग में एक बार फिर शीर्ष पर पहुंच जाएगी।
रिकी पोंटिंग की टीम पांचवें और छठे मैच को जीतकर ही इस मुकाम पर पहुंच जाएगी लेकिन वहां बने रहने के लिए उसे सातवां मैच भी जीतना होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।