नई दिल्ली। उरी आतंंकी हमले में शहीद होने वाले भारतीय सैनिकों की शहादत का बदला लेेने के लिए भारत की हॉकी टीम के कप्तान पीआर श्रीजेश ने कहा है कि आगामी एशियन चैंपियन ट्रॉफी में टीम पाकिस्तान को हराने के लिए बेताब है। यह चैंपियंस ट्रॉफी अगले महीने मलेशिया में होगी।
हालांकि, पीआर श्रीजेश ने उरी आतंकी हमले का जिक्र कहींं नहीं किया। इस हमले केे बाद से भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में तनाव पहले से ज्यादा बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय हॉकी टीम सैनिकों की शहादत को बेवजह नहीं जाने देगी।
मलेशिया के कुआंटन शहर में 20 से 30 अक्टूबर के बीच होने वाले एशियन चैंपियन्स ट्रॉफी टूर्नामेंट में टीम पाकिस्तान को हराने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रही है।
श्रीजेश ने कहा,'भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हॉकी मुकाबले को काफी दर्शक देखते हैं। हमारी टीम अपना 100 फीसदी देगी। हम हारकर अपने सैनिकों की शहादत को बेकार नहीं जाने देना चाहते।' भारत और पाकिस्तान का 23 अक्टूबर को राउंड रॉबिन मैच में आमना-सामना होगा।
कप्तान श्रीजेश ने यह भी कहा कि पाकिस्तान अभी हॉकी में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहा है लेकिन इस कारण से हम अपने विरोधी को कमजोर आंकने की गलती नहीं करेंगे।
पी श्रीजेश ने स्पोर्ट अथॉरिटी आॅफ इंडिया सेंटर(जहां टीम की ट्रेनिंग भी चल रही है) में कहा कि मुझे लगता है कि हमारे मुकाबले पाकिस्तान हॉकी टीम कमजोर है। हम सकारात्मक सोच के साथ खेलेंगे।
रियो ओलंपिक में 8वें नंबर पर रहने वाली भारतीय हॉकी टीम 18 सितम्बर से शुरू हुए हॉकी नेशनल कैंप में प्रैक्टिस कर रहे हैं। 4 सप्ताह तक चलने वाले इस कैंप मेंं वे चौथे एशियन चैंपियन्स ट्रॉफी टूर्नामेंट की तैयारी कर रहे हैं। इस कैम्प में हॉकी टीम के पूर्व कप्तान सरदार सिहं, आकाशदीप सिंह और चिंगलेन्साना सिंह आदि खिलाड़ी भी हिस्सा ले रहे हैं।
श्रीजेश ने कहा कि भारतीय टीम ओलंपिक में दुनिया की शीर्ष हॉकी टीमों से खेली है जबकि पाकिस्तान की टीम पहली बार ओलंपिक से बाहर हो गई है। उन्होंने कहा कि एशियन हॉकी टूर्नामेंट जीतना कोई साधारण बात नहीं है। कोरिया और मलेशिया की टीमों से भी उन्होंंने सावधान रहने की बात कही।