नई दिल्ली। चैंपियंस कप के सेमीफाइल मैच में पाकिस्तानी खिलाड़ियों की अभद्र और अश्लील व्यवहार के चलते भारतीय हॉकी संघ ने पाकिस्तान के साथ अगले महीने होने वाली सीरीज में हिस्सा लेने से मना कर दिया है। भारतीय हॉकी संघ ने पाकिस्तान हॉकी ऑफिशियल से बिना शर्त माफी मांगने को कहा था।
गौरतलब है कि शनिवार को भारत पाक से 4-3 से हार गया था। जिसके बाद पाकिस्तानी खिलाड़ी मैदान में कपड़े उतारकर अश्लील इशारे करने लगे थे। पाक खिलाड़ियो ने भारतीय मीडिया और खिलाड़ियों की ओर इशारा करते हुए अभद्र व्यवहार किया। जिसके बाद पाकिस्तान के कोच को बीच में आना पड़ा। हालांकि पाकिस्तान के कोच शहनाज शेख ने माफी मांग ली है। लेकिन भारत इस मुद्दे पर ऑफिशियल लिखित माफी चाहता है।
हालांकि चैंपियंश टूर्नामेंट के डायरेक्टर ने कहा कि पाकिस्तान के कोच ने इस वाकये पर माफी मांग ली है और उन्होंने इस बात का आश्वासन दिया है कि ऐसी हरकत दुबारा नहीं दोहरायी जाएगी। जिसके बाद खिलाड़ियों के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की गयी। लेकिन भारतीय हॉकी संघ ने आफिशियल माफी से कम किसी बात पर तैयार नहीं है।
आपको बता दें कि अगले महीने भारत पाकिस्तान के दौरे पर द्वीपक्षीय सीरीज खेलने जाने वाला था जिसपर भारतीय हाकी संघ ने रोक लगा दी। यही नहीं भारत ने पाक के साथ कोई भी मैच खेलने से इनकार कर दिया है।