स्थानीय विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन पर मुंबई के खिलाफ शेष भारत की ओर से खेलते हुए सहवाग ने संभलकर शुरुआत की लेकिन वह ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं रह सके। अजित अगरकर की एक गेंद पर वह क्लीन बोल्ड हो गए। वह मुरली विजय के साथ पारी की शुरुआत करने उतरे थे।
चोट की वजह से भारतीय टीम से बाहर चल रहे सहवाग ने 10 रन बनाने के लिए 14 गेंदों का सामना किया। अहम बात यह है कि गेंद को सीमा रेखा से बाहर पहुंचाने में माहिर सहवाग यहां एक भी चौका नहीं जड़ सके।
गौरतलब है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दूसरे संस्करण में चोटिल होने के बाद से ही वह भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। उनकी अनुपस्थिति में भारतीय टीम ने ट्वेंटी-20 विश्व कप, श्रीलंका में त्रिकोणीय श्रृंखला और फिर आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी में शिरकत की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।