चैम्पियंस ट्रॉफी : दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को 5 विकेट से हराया (लीड-4)
सेंचुरियन, 24 सितम्बर (आईएएनएस)। स्थानीय सुपरस्पोर्ट पार्क मैदान पर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) चैम्पियंस ट्राफी के तीसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को पांच विकेट से पराजित कर दिया।
न्यूजीलैंड द्वारा जीत के लिए रखे गए 215 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम ने मध्यक्रम के बल्लेबाज ए. बी. डिविलियर्स की 70 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत 53 गेंद शेष रहते ही जीत हासिल कर ली।
डिविलियर्स ने 76 गेंदों का सामना कर 70 रन बनाए। वे अंत तक नाबाद रहे। पांचवें विकेट के लिए मार्क बाउचर के साथ 42 रनों की साझेदारी कर दोनों बल्लेबाजों ने अपनी टीम की जीत सुनिश्चित की। बाउचर ने 28 रन बनाए। इससे पहले हाशिम अमला ने 38 और जैक्स कैलिस ने 36 रनों की पारी खेली।
न्यूजीलैंड की ओर से डेरेल टफी ने दो तथा कइल मिल्स, शेन बांड और डेनियल विटोरी ने एक-एक विकेट प्राप्त किए।
इससे पहले, न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मेजबान दक्षिण अफ्रीका के समक्ष जीत के लिए 215 रनों का लक्ष्य रखा था।
तेज गेंदबाज वायने पार्नेल की घातक गेंदबाजी के आगे न्यूजीलैंड की पूरी टीम 47.5 ओवरों में 214 रनों पर ही धराशायी हो गई। पार्नेल ने न्यूजीलैंड के पांच बल्लेबाजों को पेवेलियन की राह दिखाई।
न्यूजीलैंड की ओर से रॉस टेलर ने सर्वाधिक 72 रनों की पारी खेली जबकि ब्रेंडन मैकलम ने 44 और ग्रांट इलियट ने 39 रन बनाए।
दक्षिण अफ्रीका की टीम ने पिच में हल्की नमी का फायदा उठाने के लिए टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। उसे इसका फायदा भी मिला। मैच के चौथे ही ओवर में न्यूजीलैंड को जेसी रायडर के विकेट के रूप में पहला झटका लगा। रायडर ने 12 गेंदों पर आठ रन बनाए। वायने पार्नेल ने उन्हें अपना शिकार बनाया।
न्यूजीलैंड का स्कोर पर 58 के कुल योग पर पहुंचा तो मार्टिन गुपटिल के रूप में उसे दूसरा झटका लगा। गुपटिल ने 26 गेंदों पर 21 रन बनाए। पार्नेल ने उन्हें अपना दूसरा शिकार बनाया। गुपटिल और सलामी बल्लेबाज ब्रेंडन मैकलम के बीच दूसरे विकेट के लिए 46 रनों की साझेदारी हुई।
मैकलम के रूप में न्यूजीलैंड को तीसरा और बड़ा झटका लगा। जम कर खेल रहे मैकलम को जोहान बोथा ने अपने जाल में फंसाया। मैकलम ने 68 गेंदों पर 44 रन बनाए। उस समय टीम का स्कोर 92 था।
मैच के 39वें ओवर में न्यूजीलैंड का चौथा विकेट गिरा। 48 गेंदों पर 39 रन बनाकर ग्रांट इलियट रूल्फ वान डी मर्व की गेंद पर आउट हुए। चौथे विकेट के लिए इलियट और रॉस टेलर के बीच 71 रनों की साझेदारी हुई। अंतिम ओवरों में भी न्यूजीलैंड के विकेटों के गिरने के सिलसिला जारी रहा और पूरी टीम 214 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से पार्नेल ने जहां पांच विकेट लिए वहीं डेल स्टेन और मर्व ने दो-दो तथा बोथा ने एक विकेट झटका।
उल्लेखनीय है कि दक्षिण अफ्रीकी टीम आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी के पहले मुकाबले में श्रीलंका के हाथों पराजित हो गई थी। इस हार की वजह से एकदिवसीय मैचों में उसकी रैंकिंग खिसक कर पहले से तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications