नई दिल्ली। भारतीय हॉकी टीम का कॉमनवेल्थ गेम्स में बेहद निराशाजनक प्रदर्शन रहा था। उसके बाद भारतीय टीम ने कई बदलाव किए और कोच भी बदला। ऐसे में अब भारतीय हॉकी टीम पहली बार चैंपियंस ट्रोफी खिताब अपने नाम करने के इरादे से शनिवार को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी। गौरतलब हो कि एशियाई चैंपियन भारत ने 36 बार में अभी तक एक भी चैंपियंस ट्रॉफी नहीं जीती है और इस बार टूर्नामेंट के आखिरी सत्र में यह उपलब्धि हासिल करना चाहेगी। बता दें कि भारतीय टीम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2016 में रहा जब ऑस्ट्रेलिया से शूटआउट में हारकर उसने सिल्वर मेडल जीता था।
भारत से है उम्मीदेंः आठ बार की ओलिंपिक चैंपियन भारतीय टीम राष्ट्रमंडल खेलों में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद चौथे स्थान पर रही थी। इसके बाद कोच पद की जिम्मेदारी हरेंद्र सिंह को सौंपी गई थी। ऐसे में चैंपियंस ट्रॉफी का यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है। बता दें कि इस मुकाबले में दुनिया की शीर्ष छह टीमें खेलती है और इस बार ओलिंपिक चैंपियन अर्जेंटीना, दुनिया की नंबर एक टीम ऑस्ट्रेलिया, बेल्जियम, मेजबान नीदरलैंड, भारत और पाकिस्तान खेल रहे हैं। भारत और पाक के बीच होने वाला पहला मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है।