अमेरिकी ओपन : भारतीयों के लिए अच्छा दिन, मरे की हुई छुट्टी (राउंडअप)
भारतीय डेविस कप टीम में जगह पाने से उत्साहित युवा टेनिस स्टार युकी भांबरी जूनियर (बालक) वर्ग के एकल मुकाबलों के तीसरे दौर में पहुंच गए। युकी ने मंगलवार को खेले गए दौर के मुकाबले में स्विट्जरलैंड के सैंड्रो एहरात को सीधे सेटों में 6-0, 6-1 से पराजित किया। इस साल आस्ट्रेलियाई ओपन का जूनियर खिताब जीतने वाले युकी अगले दौर में अमेरिका के जैक कुक से भिड़ेंगे।
युगल मुकाबलों में हालांकि युकी को पहले दौर में ही हार का सामना करना पड़ा। चीनी ताइपे के अपने जोड़ीदार लियांग ची हुयांग के साथ खेल रहे युकी को अमेरिका के इवान किंग और डेनिस कुडला की जोड़ी ने 6-2, 10-6 से पराजित किया।
भारत के दिग्गज खिलाड़ी लिएंडर पेस और महेश भूपति अपने-अपने जोड़ीदारों के साथ युगल मुकाबलों के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। भूपति और उनके जोड़ीदार बहामास के मार्क नोल्स ने क्वार्टर फाइनल में क्रोएशिया के इवान जुविकिच और फ्रांस के माइकल लोर्दा की जोड़ी को पराजित किया। भूपति-नोल्स ने यह मैच 6-3, 6-5 से पराजित किया।
पेस और उनके जोड़ीदार चेक गणराज्य के लुकास डुल्ही ने दक्षिण अफ्रीका के वेस्ले मूडी और बेल्जियम के डिक नार्मन की जोड़ी को 6-3, 5-7, 6-4 से हराया। फाइनल में भूपति और नोल्स की भिड़ंत पेस और डुल्ही के साथ हो सकती है। एक समय जोड़ीदार रहे पेस और भूपति के बीच होने वाला यह मुकाबला भारतीय टेनिस प्रेमियों के लिए खासा रोचक हो सकता है।
इसके लिए लेकिन भूपति और नोल्स को अगले दौर में बेलारूस के मैक्स मिर्नी तथा इजरायल के एंडी रैम को हराना होगा जबकि पेस और डुल्ही को अमेरिका के ब्रायन बंधुओं-माइक और बॉब की चुनौती समाप्त करनी होगी।
पेस ने मंगलवार को दोहरी सफलता हासिल करते हुए मिश्रित युगल मुकाबलों के फाइनल में स्थान पक्का कर लिया है। अपनी जोड़ीदार जिम्बाब्वे की कारा ब्लैक के साथ खेलते हुए पेस ने सेमीफाइनल में जिंबाब्वे के केविन उलियट और ताइवान की सु-वेई हेसिह की जोड़ी को 6-2, 3-6, 10-5 से पराजित किया।
पहला सेट आसानी जीतने के बाद पेस और ब्लैक की जोड़ी दूसरे सेट में कमजोर पड़ती दिखी नतीजतन दूसरा सेट उसे गवांना पड़ा। परंतु इस जोड़ी ने तीसरे सेट में शानदार वापसी करते हुए मैच अपने नाम कर लिया।
अमेरिकी ओपन के एकल मुकाबलों में भारत की चुनौती समाप्त हो चुकी है। इस वर्ग में अपनी चुनौती पेश कर रहीं सानिया मिर्जा और सोमदेव देवबर्मन दूसरे दौर में पराजित हुए। सानिया मिश्रित युगल और युगल मुकाबलों से भी बाहर हो चुकी हैं।
विश्व की दूसरी वरीयता प्राप्त महिला खिलाड़ी अमेरिका की सेरेना विलियम्स और पूर्व चैंपियन बेल्जियम की किम क्लिसटर्स सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। अंतिम-4 दौर में जगह बनाने के लिए सेरेना ने जहां इटली की फ्लाविया पेनेता को सीधे सेटों में 6-4, 6-3 से पराजित किया वहीं क्लिसटर्स ने चीन की ली ना को 6-2, 6-4 से हराया।
खिताबी मुकाबले में जगह बनाने के लिए सेरेना और दो साल बाद प्रतिस्पर्धी टेनिस में वापसी करने वाली क्लिसटर्स एक दूसरे से दो-दो हाथ करेंगी। क्लिस्टर्स ने वर्ष 2005 में यह खिताब जीता था। दूसरी ओर, अपने करियर के 12वें ग्रैंड स्लैम खिताब के लिए प्रयासरत सेरेना चौथी बार इस खिताब पर कब्जा करना चाहेंगी।
उधर, विश्व के तीसरे वरीयता प्राप्त पुरुष खिलाड़ी स्पेन के राफेल नडाल एकल मुकाबले में जीत हासिल करने में सफल रहे, लेकिन ब्रिटेन के एंडी मरे को हार का सामना करना पड़ा। लगभग तीन महीने तक टेनिस से दूर रहने के बाद अपना पहला ग्रैंड स्लैम खेल रहे नडाल ने क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लिए गेल मोनफिल्स को चार सेट तक चले मुकाबले में 6-7 (4), 6-3, 6-1, 6-3 से पराजित किया। यह मैच ढाई घंटे तक चला।
दूसरी ओर, नडाल की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर दूसरी वरीयता की कुर्सी हथियाने वाले ब्रिटेन के मरे को क्रोएशिया के मारिन सेलिक के हाथों हार का सामना करना पड़ा। सेलिक ने यह मैच 7-5, 6-2, 6-2 से जीता। अगले दौर में नडाल का सामना चिली के फर्नाडो गोंजालेज के साथ होगा। गोंजालेज ने फ्रांस के जो विल्फ्रेड त्सोंग को 3-6, 6-3, 7-6 (3), 6-4 से हराया।
अंतिम-चार खिलाड़ियों में जगह बनाने के लिए सेलिक अर्जेटीना के जुआन डेल पोट्रो के साथ दो-दो हाथ करेंगे। पोट्रो इस सत्र में तीसरी बार ग्रैंड स्लैम क्वार्टर फाइनल में पहुंचे हैं। पोट्रो ने स्पेन के जुआन कार्लोस फरेरो को सीधे सेटों में 6-3, 6-3, 6-3 से हराया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications