'लोग कोहली को नीचा क्यों दिखाते हैं', इस दिग्गज क्रिकेटर ने बताया क्यों है उनका गुस्सा होना जरूरी
नई दिल्ली। साैरव गांगुली जब भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान थे तो उनका रवैया फैंस को खूब पसंद आता था। गांगुली अगर मैदान पर कुछ फैसलों के लिए खिलाड़ियों या अंपायर से भिड़ते थे तो उनकी तारीफ के चर्चे हुआ करते थे। लेकिन अब विराट कोहली भी अग्रेसिव होकर मैदान पर उतरते हैं तो फैंस उन्हें खरी-खोटी सुनाने लग पड़ते हैं। कोहली अगर गुस्से में आकर विरोधी टीम पर हावी होने लगते हैं तो उन्हें सोशल मीडिया पर अनुशासन का पाठ पढ़ाया जाता है। ऐसा क्यों अब हो रहा है, यह बात भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व क्रिकेटर और BCCI की क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC) के सदस्य मदन लाल की समझ से परे है।

सभी चाहते थे कोई आक्रामक कप्तान हो
मदन लाल ने कहा, ''पहले सभी चाहते थे कि कोई आक्रामक कप्तान हो। अब हमारे पास कोहली हैं तो लोग चाहते हैं कि वह अपनी आक्रामकता मैदान पर ना दिखाएं। कोहली मैदान में जो व्यवहार दिखाते हैं मैं उसे पसंद करता हूं। पहले लोग कहते थे कि भारतीय क्रिकेटर फील्ड पर आक्रामक नहीं होते अब कोहली आक्रामक हैं तो लोग कहते हैं कि वह इतने आक्रामक क्यों हैं? मुझे कोहली पसंद हैं और हमें वैसा ही कप्तान चाहिए।''

कोहली ने न्यूजीलैंड दाैरे पर दिखाया था गुस्सा
न्यूजीलैंड दाैरे पर 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के आखिरी क्राइस्टचर्च टेस्ट के दूसरे दिन केन विलियमसन जब पहली पारी में आउट होकर लौटे तो विराट कोहली ने बहुत उग्र अंदाज में जश्न मनाया। विराट कोहली प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भी मीडिया से उलझते दिखे थे, जब उनसे हार की वजहों और मैदान पर हुईं बातों के बारे में सवाल किया गया था। ऐसा नहीं है कि यह पहली बार हुआ था। दो वर्ष पहले सितंबर, 2018 में टाइम्स ऑफ इंडिया के पत्रकार ने उनसे जब सवाल किया था तो उन्होंने अपना आपा खोते हुए कहा था- बार-बार मुझे निशाना बनाया जाता है।

धोनी पर ये बोले
वहीं, टी-20 वर्ल्ड कप के लिए महेंद्र सिंह धोनी के भविष्य के बारे में पूछने पर मदन लाल ने कहा, ''धोनी को टीम में लेना चयनकर्ताओं का काम है। मुझे नहीं पता उनके मन में क्या चल रहा है।' बता दें कि पूर्व क्रिकेटर सुनील जोशी को हाल ही में टीम इंडिया का नया चीफ सिलेक्टर चुना गया है। उन्होंने कहा था कि धोनी को आईपीएल में प्रदर्शन करना होगा, यही एक वापसी का रास्ता उनके लिए बचा है। लेकिन अब कोरोना वायरस के चलते टूर्नामेंट 15 अप्रैल तक स्थगित कर दिया गया है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
