'खर्च कटौती अभियान' से 2010 राष्ट्रमंडल खेल भी प्रभावित
कांग्रेस पार्टी के सांसद कलमाडी ने आयोजन समिति के नवनिर्मित मुख्यालय पर बुधवार को आयोजित पत्रकार सम्मेलन में कहा कि खर्च में कटौती करने के लिए क्वींस बैटन रिले की रवानगी के मौके पर तीन अक्टूबर को लंदन के ट्राफलगर स्क्वायर पर होने वाला ऑस्कर विजेता भारतीय संगीतकार ए.आर. रहमान का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है।
कलमाडी ने बताया कि रहमान के कार्यक्रम के साथ-साथ एक अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाना था लेकिन अब उसे भी रद्द कर दिया गया है। रिले की रवानगी के अवसर पर भारत की राष्ट्रपति प्रतिभा देवी सिंह पाटिल और ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय भी मौजूद रहेंगी।
कलमाडी ने कहा, "क्वींस बैटन रिले अब बकिंघम पैलेस से भारतीय राष्ट्रपति की मौजूदगी में रवाना होगी। रहमान के कार्यक्रम के अलावा यहां होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम को छोड़कर बाकी आयोजन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होने हैं। हम खर्चे में कटौती के मद्देनजर यह फैसले लेने पर मजबूर हुए हैं।"
कलमाडी ने कहा कि 2010 में भारत में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के मद्देनजर राष्ट्रमंडल खेल महासंघ के अध्यक्ष माइकल फेनेल की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए तैयारियों पर सिरे से ध्यान दिया जाएगा क्योंकि भारत एक बेहद सफल आयोजन को लेकर कृतसंकल्प है।
उन्होंने कहा, "फेनेल जब अक्टूबर में दोबारा भारत आएंगे, तब हम उनकी सारी चिंताओं को दूर कर देंगे। हमें इससे खुशी मिलेगी। फेनेल ने आयोजन समिति को लेकर कोई भी नकारात्मक बयान नहीं दिया है।"
कलमाडी ने जोर देकर कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन के मद्देनजर आयोजन समिति को सरकार का पूरा समर्थन और सहयोग मिल रहा है। सभी लोग एक इकाई की तरह काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए), आयोजन समिति, सरकार और विपक्ष के बीच बहुत अच्छा तालमेल है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications