पहले चरण के लीग मुकाबले में भारतीय टीम थाईलैंड के हाथों 67-78 से हार गई। भारत के लिए कप्तान गीतू अन्ना जोस ने 23 अंक जुटाए जबकि प्रशांती सिंह ने 16 और अनीता ने 13 अंक बनाए। थाईलैंड की ओर से जुथामास जानताकान ने 20, जुथाथिप माथूरोस ने 16 और चारोथी सुक्सोमवोंग ने 16 अंक जुटाए।
इससे पहले शनिवार को खेले गए तीसरे मुकाबले में भी भारत को चीन के हाथों 49-107 के अंतर से हार झेलनी पड़ी थी। यही नहीं, शुक्रवार को खेले गए दू्सरे लीग मुकाबले में उसे चीनी ताइपे ने 61-84 से हराया था। अपने पहले लीग मैच में भारत को मौजूदा चैंपियन दक्षिण कोरिया के हाथों बुरी तरह शिकस्त झेलना पड़ी था।
भारतीय टीम को अपना अंतिम लीग मैच मंगलवार को जापान के साथ खेलना है। जापान की टीम ने चार में से दो मैच जीते हैं। जापान को भी हालांकि सोमवार को दक्षिण कोरिया के हाथों हार झेलनी पड़ी है। साख बचाने के लिए भारतीय टीम के लिए यह मैच जीतना हर हाल में जरूरी है।
पहले चरण के एक अन्य मुकाबले में कोरिया ने जापान को 82-68 से पराजित किया। दूसरी ओर, दूसरे चरण के मुकाबले में मलेशिया ने श्रीलंका को 81-45 से, कजाकिस्तान ने उजबेकिस्तान को 75-70 से और लेबनान ने फिलिपींस को 60-35 से हराया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।