पाकिस्तान के समाचार पत्र 'द न्यूज' के मुताबिक मियांदाद ने साफ कर दिया है कि वह नहीं चाहते कि उनके बल्लेबाज दक्षिण अफ्रीका की उछालयुक्त तेज पिचों पर शॉर्ट-पिच गेंदों को लेकर संघर्ष करें।
पाकिस्तान टीम एक सितंबर से 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के लिए गद्दाफी स्टेडियम में इकट्ठा होगी। चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन 22 सितंबर से होना है।
मियांदाद ने कहा, "मैं नहीं चाहता कि चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान हमारे बल्लेबाज सीने की ऊंचाई वाली गेंदों से घबराकर अपना विकेट गंवाएं। मैं अपने खिलाड़ियों को मानसिक और शारीरिक तौर पर चैंपियंस ट्रॉफी के लिए तैयार करना चाहता हूं। इस लिहाज से सबसे जरूरी पिच का उछालयुक्त और घासयुक्त होना है।"
मियांदाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के महानिदेशक भी हैं। श्रीलंका में खेली गई एकदिवसीय और टेस्ट श्रृंखला में खराब प्रदर्शन के बाद पीसीबी ने उन्हें टीम का बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।