Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

अमेरिकी ओपन : पेस, भूपति को सफलता, फेडरर पहुंचे क्वार्टर फाइनल में (राउंडअप)

पेस और भूपति अपने-अपने जोड़ीदारों के साथ मिश्रित युगल मुकाबलों के सेमीफाइनल और युगल मुकाबलों के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं जबकि फेडरर एकल मुकाबलों के अंतिम-8 दौर में स्थान बनाने में सफल रहे।

भूपति और अमेरिका की लेजल ह्यूबर की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी सोमवार को मिली जीत के बाद आसानी से मिश्रित युगल मुकाबलों के अंतिम चार में पहुंच गई है। इस जोड़ी ने सर्बिया के नेनाद जिमोनजिक और अमेरिका की बेथाने मातेक सैंड्स की जोड़ी को सीधे सेटों में 6-4, 6-3 से पराजित किया।

दूसरी ओर, पेस और जिंबाब्वे की कारा ब्लैक की जोड़ी भी आस्ट्रेलिया की रीनी स्ट्ब्स और स्वीडन के राबर्ट लिंड्सटेड पर 7-5, 3-6, 10-6 से जीत के साथ अंतिम चार दौर में पहुंचने में सफल रही है।

पुरुषों के युगल मुकाबलों में भी भूपति को सफलता मिली है। अपने जोड़ीदार बहामास के मार्क नोल्स के साथ खेलते हुए भूपति ने इजरायल के डुडी सेला और ताइपे के येन सुन लू की जोड़ी को 6-4, 6-4 से हराया।

इसी वर्ग में पेस और उनके जोड़ीदार चेक गणराज्य के लुकास डुल्ही ने आस्ट्रिया के जूलियन नोल और जुर्गेन मेलजर को 7-5, 6-4 से पराजित कर अंतिम आठ में जगह पक्की की।

मिश्रित युगल में भूपति और ह्यूबर का सामना अमेरिका के ट्रेविस पैरोट और कार्ली गुलिक्सन की जोड़ी से होगा। इस जोड़ी ने अमेरिकी की लिसा रेमंड और पोलैंड के मार्सिन मातोवस्की की जोड़ी को 6-2, 7-5 से हराया।

इसी वर्ग में पेस और ब्लैक की भिड़ंत जिंबाब्वे के केविन उलियट और ताइपे की सू वेई सेह के साथ होगी। इस जोड़ी ने पोलैंड के मारिस्वेज फ्रिस्टेनबग4 और चीन की झी येन को 7-6 (3), 7-6 (4) से पराजित किया।

पुरुषों के युगल वर्ग में भूपति और नोल्स क्रोएशिया के इवान जुविकिच और फ्रांस के माइल लोर्डा के साथ भिड़ेंगे। इस जोड़ी ने अर्जेटीना के जुआन इग्नासो चेला और उरुग्वे के पाब्लो चुवेस की जोड़ी को 7-5, 2-6, 6-3 से पराजित किया।

दूसरी ओर, पेस और डुल्ही अगले दौर में दक्षिण अफ्रीका के वेस्ले मूडी और बेल्जियम के डिक नार्मन के साथ दो-दो हाथ करेंगे। मूडी और नार्मन ने प्री-क्वार्टर फाइनल में चेक गणराज्य के मार्टिन डैम और स्वीडन के राबर्ट लिड्सटेड को 6-7(4), 7-6 (2), 7-6 (5) से हराया।

जूनियर वर्ग (लड़कों) के पहले दौर में भारत के सुधानवा सीताराम को हार का सामना करना पड़ा है। उन्हें अमेरिका के एलेक्जेंडर डोमिजान ने कड़े संघर्ष के बाद 3-6, 6-3, 5-7 से पराजित किया।

उधर, फेडरर भी एकल मुकाबलों के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। अंतिम आठ में जगह बनाने के लिए पांच बार के चैंपियन फेडरर ने टॉमी रोब्रेडो को सीधे सेटों में 7-5, 6-2, 6-2 से पराजित किया।

अगले दौर में फेडरर का सामना स्वीडन के रोबिन सोल्डरलिंग के साथ होगा, जिन्होंने रूस के निकोली डेवीडेंको को 7-5, 3-6, 6-2 से हराया। मांसपेशियों में खिंचाव के कारण डेवीडेंको यह मैच पूरा नहीं कर सके। फेडरर ने इस साल जून में सोल्डरलिंग को हराकर अपने करियर का पहला फ्रेंच ओपन खिताब जीता था। दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक 11 मुकाबले हुए हैं, जिनमें फेडरर ने बाजी मारी है।

स्पेन के फर्नाडो वर्दास्को भी अंतिम आठ दौर में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं। उन्होंने अमेरिकी खिलाड़ी जान इश्नर को 4-6, 6-4, 6-4, 6-4 से हराया। वर्दास्को पहली बार अमेरिकी ओपन के अंतिम आठ दौर में पहुंचे हैं। अगले दौर में वर्दास्को का सामना सर्बिया के नोवाक जोकोविक के साथ होगा, जिन्होंने चेक गणराज्य के राडेक स्टेपानेक को सीधे सेटों में 6-1, 6-3, 6-3 से हराया।

महिला वर्ग में अमेरिका की युवा स्टार मेलाने ऑडिन शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। अंतिम आठ दौर में जगह बनाने के लिए ऑडिन ने रूस की नादिया पेत्रोवा की चुनौती समाप्त की। 17 साल की ऑडिन ने पेत्रोवा को 1-6, 7-6 (7-2), 6-3 से पराजित किया।

इस साल विंबलडन में चौथे दौर तक का सफर तय करने वाली ऑडिन ने अमेरिकी ओपन के चौथे दौर में एलेना दिमेंतिएवा और दूसरे दौर में रूस की मारिया शारापोवा को हराया था।

युक्रेन की कैटरीना बोंडारेंको और बेल्जियम की यानिना विकमायेर भी अंतिम-आठ दौर में पहुंचने में सफल रही हैं। बोंडारेंको ने जहां अर्जेटीना की गिसेला डुल्को को 6-0, 6-0 से हराया वहीं विकमायेर ने चेक गणराज्य की पेट्रा क्वीतोवा को 4-6, 6-4, 7-5 से पराजित किया।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:24 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+