भारतीय हॉकी को गंभीर और ईमानदार कोशिश की जरूरत : बंसल
भोपाल, 8 सितम्बर (आईएएनएस)। 18 वर्ष से कम आयु वाले खिलाड़ियों की भारतीय हॉकी टीम के कोच ए. के. बंसल का कहना है कि गंभीर और ईमानदार कोशिश के जरिए ही भारतीय हॉकी को फिर से सरताज बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हमारे खिलाड़ियों में क्षमता और जज्बे की कोई कमी नहीं है।
बंसल ने सोमवार को आईएएनएस से खास बातचीत में कहा कि भारतीय टीम अपने प्रदर्शन के जरिए कभी भी सुपर सिक्स में पहुंच सकती है और ऐसा करना टीम के लिए कोई बड़ी बात नहीं है।
बंसल ने भारतीय हॉकी के पिछड़ने पर चिंता जताई और कहा कि खिलाड़ी, कोच और अधिकारी वर्ग में समन्वय जरुरी है। सभी को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी होगी। जिस दिन ऐसा हो जाएगा, उस दिन भारतीय हॉकी सुपर सिक्स में जगह पा लेगी ।
भारतीय हॉकी टीम की चर्चा करते हुए बंसल ने कहा कि खिलाड़ियों में कोई कमी नहीं है, वे किसी भी टीम को शिकस्त देने में सक्षम हैं, लेकिन उनमें जीत दिलाने वाली गंभीरता की कमी है। टीम की जीत के लिए अच्छा समन्वय और गंभीरता दोनों जरुरी है।
18 वर्ष से कम आयु की भारतीय टीम की तैयारियों का जिक्र करते हुए बंसल ने कहा कि उनकी निगाहें इसी साल बर्मा में होने वाले एशिया कप पर टिकी हुई है। भारतीय टीम पिछली बार विजेता रही है और वह अपनी स्थिति को बरकरार रखना चाहती है। ऐसा होने पर ही सिंगापुर में 2010 में होने वाले युवा ओलंपिक में हमें जगह मिल पाएगी।
बंसल ने बताया कि 30 खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर भोपाल के भारतीय खेल प्राधिकरण के क्षेत्रीय केन्द्र में चलेगा और उसके बाद टीम का चयन किया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए कुल दो शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनके बीच सात दिनों का अंतराल रहेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications