अमेरिकी ओपन : कठिन जीत के साथ दूसरे दौर में पहुंचे पेस-डुल्ही (लीड-1)
अमेरिकी ओपन की आधिकारिक वेबसाइट 'यूएस ओपन डॉट ओआरजी' से मिली जानकारी के मुताबिक पेस और डुल्ही की चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने बुधवार को खेले गए पहले दौर के मुकाबले में रोमानिया के विक्टर हेनेस्कू और गेब्रियल ट्रिफू की जोड़ी को पराजित किया।
पेस और डुल्ही ने यह मुकाबला 107 मिनट में 7-6 (11), 7-6 (4) से अपने नाम किया।
युगल वर्ग में भारत के महेश भूपति और उनके जोड़ीदार बहामास के मार्क नोल्स ने अभी अपना पहले दौर का मुकाबला नहीं खेला है। भूपति और नोल्स को अमेरिका के जेम्स कारेंतानी और क्रोएशिया के लोवरो जोवको से भिड़ना है।
अमेरिकी ओपन के एकल वर्ग में सानिया मिर्जा और सोमदेव देवबर्मन दूसरे दौर में पहुंच चुके हैं। दूसरे दौर में सानिया की भिड़ंत इटली की फ्लाविया पेनेता से होनी है।
उधर, पुरुषों के एकल वर्ग में विश्व के दूसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ब्रिटेन के एंडी मरे, चौथे वरीयता प्राप्त सर्बिया के नोवाक जोकोविक और 22वीं वरीया प्राप्त अमेरिकी खिलाड़ी सैम क्वेरे भी जीत हासिल करने में सफल रहे हैं।
मरे ने जहां बुधवार को खेले गए पहले दौर के मुकाबले में लातविया के एर्नेस्ट गुल्बिस को 7-5, 6-3, 7-5 से हराया वहीं जोकोविक ने क्रोएशिया के इवान जुविकिच पर 6-3, 6-1, 6-3 से जीत दर्ज की।
घरेलू दर्शकों की हौसलाअफजाई के बीच क्वेरे ने पहले दौर में हमवतन माइकल यानी को 6-3, 7-5, 6-4 से पराजित किया।
इसके अलावा अमेरिका के टेलर डेंट, चिली के फर्नाडो गोंजालेज, क्रोएशिया के मारिन सेलिक, चेक गणराज्य के थॉमस बेरड्रिक, स्पेन के फर्नाडो वर्दास्को और फ्रांस के जो विल्फ्रेड त्सोंग भी पहली बाधा पार करने में सफल रहे।
डेंट ने स्पेन के फेलिसियानो लोपेज को 4-6, 7-6, 6-3, 7-5 से पराजित किया जबकि गोंजालेज ने अपने देश के निकोलस मासू को 6-3, 6-3, 6-3 से हराया।
सेलिक ने जहां अमेरिका के रेयान स्वीटिंग पर 7-6, 6-4, 7-6 से जीत दर्ज की वहीं बेरड्रिड ने अमेरिका के वायने ओडेंसिक को 7-5, 6-4, 6-4 से मात दी।
10वीं वरीयता प्राप्त वर्दास्को ने जर्मनी के बेंजामिन बेकर को 7-5, 6-4, 7-5 से हराया जबकि सातवीं वरीयता प्राप्त त्सोंग ने अमेरिका के चेज बुकानन को 6-0, 6-2, 6-1 से हराने में सफलता हासिल की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications