अमेरिकी ओपन : साफिन और सांतोरो की छुट्टी, वीनस जीतीं (लीड-3)
वर्ष 2000 में अमेरिकी ओपन खिताब जीतने वाले साफिन को आस्ट्रिया को जुर्गेन मेज्लर ने 1-6, 6-4, 6-3, 6-4 से पराजित किया जबकि स्पेन के जुआन कार्लोस फरेरो ने सांतोरो को 6-4, 6-3, 6-3 से हराया।
विश्व के छठे वरीयता प्राप्त अर्जेटीना के जुआन मार्टिन डेल पोटरो दूसरे दौर में पहुंचने में सफल रहे हैं। पोटरो ने अपने ही देश के जुआन मोनाको को 6-3, 6-3, 6-1 से पराजित किया।
महिला वर्ग में दो बार इस खिताब पर कब्जा कर चुकीं अमेरिका की वीनस ने घुटने में तकलीफ के बावजूद बेथाने मातेक सैंड्स पर 6-4, 6-2 से जीत दर्ज की। वीनस ने 2000 और 2001 में यह खिताब जीता था।
सर्वोच्च वरीयता प्राप्त पुरुष टेनिस खिलाड़ी स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर भी आसान जीत के साथ तीसरे दौर में पहुंचने में सफल रहे हैं।
अपने करियर के लगातार 14वें ग्रैंड स्लैम खिताब के लिए प्रयासरत फेडरर ने दूसरे दौर के मुकाबले में जर्मनी के सिमोन ग्रेउल को 6-3, 7-5, 7-5 से पराजित किया। फेडरर अब तक 15 ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुके हैं।
तीसरे दौर में फेडरर की भिड़ंत विश्व के पूर्व सर्वोच्च वरीय खिलाड़ी रह चुके आस्ट्रेलिया के लेटन हेविट से होगी। हेविट ने अर्जेटीना के जुआन चेला को 6-3, 6-3, 6-4 से हराया।
तीसरे वरीयता प्राप्त स्पेनी खिलाड़ी राफेल नडाल भी तीसरे दौर में पहुंच गए हैं। लगभग तीन महीने बाद टेनिस जगत में वापसी करने वाले नडाल ने दूसरे दौर के मुकाबले में फ्रांस के रिचर्ड गास्क्वेट को 6-2, 6-2, 6-3 से हराया।
उधर, महिलाओं के एकल वर्ग में भारत की सानिया मिर्जा की चुनौती समाप्त हो गई है। सानिया को अब युगल और मिश्रित युगल मुकाबलों से उम्मीद है, जहां वह इटली की खिलाड़ी फ्रांसिस्का शियावोन और कनाडा के डेनियल नेस्टर के साथ खेलेंगी।
बुधवार को खेले गए दूसरे दौर के मुकाबले में विश्व की 74वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी सानिया को विश्व की 10वीं वरीयता प्राप्त इटली की फ्लाविया पेनेता ने 6-0, 6-0 से पराजित किया।
खास बात यह है कि 50 मिनट तक चले इस मुकाबले के दौरान सानिया एक भी गेम नहीं जीत सकीं। वर्ष 2005 में अमेरिकी ओपन के चौथे दौर तक का सफर तय करके भारतीय टेनिस प्रेमियों को चौंकाने वाली सानिया ने निराशाजनक प्रदर्शन करते हुए 28 बेजां गलतियां कीं।
विश्व वरीयता क्रम के शीर्ष-10 में स्थान बनाने वाली इटली की पहली खिलाड़ी होने का गौरव हासिल करने वाली पेनेता दूसरे दौर में कनाडा की एलेक्जेंड्रा वोजनैक से भिड़ेंगी। वोजनैक ने 17वीं वरीयता प्राप्त फ्रांसीसी खिलाड़ी एमिली मौरेस्मो को 6-4, 6-0 से पराजित किया।
सानिया मिश्रित युगल वर्ग में भी अपनी चुनौती पेश करेंगी। इस वर्ग में उनके जोड़ीदार हैं, कनाडा के डेनियल नेस्टर। पहले दौर में नेस्टर और सानिया की भिड़ंत उजबेकिस्तान की अग्कुल अमानमुद्रारोवा और आस्ट्रेलिया के एश्ले फिशर से होनी है।
महिलाओं के युगल वर्ग के पहले दौर में सानिया और शियावोन की भिड़ंत बेलारूस की एकातेरिना डेहाल्केविच और चेक गणराज्य की रेनाता वोकारोवा से होनी है।
सानिया ने भारत के वरिष्ठ खिलाड़ी महेश भूपति के साथ खेलते हुए इस साल आस्ट्रेलियन ओपन का मिश्रित युगल खिताब जीता था। भूपति अमेरिकी ओपन में अमेरिकी की लेजेल ह्यूबर के साथ चुनौती पेश करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications