दक्षिण अफ्रीका जैक्स कालिस 19 और ग्रीम स्थिम 40 रन बनाकर खेल रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका का पहला विकेट हाशिम अमला के रूप में गिरा। वह दो रन के निजी स्कोर पर मैथ्यूज की गेंद पर बोल्ड हो गए।
इससे पहले श्रीलंका के सलामी बल्लेबाज तिलकरत्ने दिलशान की शतकीय और माहेला जयवर्धने तथा कप्तान कुमार संगकारा की शानदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत श्रीलंका ने दक्षिण अफ्रीका के समक्ष जीत के लिए 320 रनों का लक्ष्य रखा।
श्रीलंका ने निर्धारित 50 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 319 रन बनाए। दिलशान ने अपनी टीम के लिए सर्वाधिक 106 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 92 गेंदों का सामना किया और 16 चौके व एक छक्का लगाया। डेल स्टेन ने उन्हें अपना शिकार बनाया।
जयवर्धने ने 77 रनों और संगकारा ने 54 रनों की पारी खेली। विस्फोटक सलामी बल्लेबाज सनथ जयसूर्या के रूप में श्रीलंका का पहला विकेट गिरा। मैच के तीसरे ओवर में तेज गेंदबाज डेल स्टेन की अंदर आती एक गेंद पर जयसूर्या चकमा खा गए और अपना विकेट गंवा बैठे। उन्हें पगबाधा आउट करार दिया गया।
जयसूर्या ने नौ गेंदों पर दो चौकों की सहायता से 10 रन बनाए। उनका विकेट जल्दी गंवाने के बावजूद दिलशान और संगकारा ने संभलकर खेलते हुए तेजी से रन बनाना जारी रखा और श्रीलंका की पारी को संभाला।
दोनों के बीच 158 रनों की साझेदारी हुई। मैच के 28वें ओवर में संगकारा के रूप में श्रीलंका का दूसरा विकेट गिरा। हालांकि इससे पहले वह 54 रन बना चुके थे। उन्हें जे. पी. ड्यूमिनी ने अपनी ही गेंद पर लपका।
इसके दो ओवर के बाद दिलशान भी चलते बने। उन्होंने 106 रनों की शतकीय पारी खेली। इसके बाद चौथे विकेट के लिए जयवर्धने और समरवीरा के बीच 116 रनों की शतकीय साझेदारी हुई। जयवर्धने 77 रन बनाकर वायने पारनेल की गेंद पर आउट हुए। उनका कैच ड्यूमिनी ने लपका। समरवीरा ने 37 रनों की पारी खेली।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से स्टेन और पारनेल ने तीन-तीन विकेट चटकाए जबकि एक विकेट ड्यूमिनी को मिला।
इससे पहले, दक्षिण अफ्रीका के कप्तान ग्रीम स्मिथ ने टॉस जीता और पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।