अमेरिकी ओपन का होगा आगाज, सानिया और सोमदेव पर होगी नजर
सानिया महिला वर्ग के एकल मुकाबलों में अपनी किस्मत आजमाएंगी जबकि सोमदेव पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के एकल वर्ग में खेलेंगे। सोमदेव ने शनिवार को क्वालीफाईंग मुकाबले के जरिए अमेरिकी ओपन में खेलने की योग्यता हासिल की है।
भारत के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त एकल टेनिस खिलाड़ी सोमदेव को अमेरिकी ओपन के पहले दौर में पुर्तगाल के फ्रेडरिको गिल से भिड़ना है। गिल की एटीपी रैंकिंग 110वीं है। सोमदेव विश्व के 161वें वरीय खिलाड़ी हैं।
सोमदेव पिछले सात साल में किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में खेलने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले, डेविस कप में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रकाश अमृतराज ने 2002 में अमेरिकी ओपन में हिस्सा लिया था।
सोमदेव ने इस साल जनवरी में आयोजित चेन्नई ओपन का फाइनल खेला था। इसके बाद वह आस्ट्रेलियन ओपन के क्वालीफाईंग टूर्नामेंट में खेले थे लेकिन वहां उन्हें नाकामी मिली थी।
इसके बाद वह लेग मेसन क्लासिक टूर्नामेंट के तीसरे दौर में पहुंचे और लॉस एंजेलिस ओपन के मुख्य ड्रॉ में जगह बनाने में सफल रहे।
साल के तीसरे ग्रैंड स्लैम में सोमदेव अपने दक्षिण अफ्रीकी साथी केविन एंडरसन के साथ युगल मुकाबलों में खेले। उन्हें हालांकि पहले दौर में महेश भूपति और उनके जोड़ीदार मार्क नोल्स के हाथों हार मिली थी।
महिला एकल वर्ग में सानिया पहले दौर में बेलारूस की ओल्गा गोर्वोत्सोवा से भिड़ेंगी। पुरुषों के युगल मुकाबलों में महेश भूपति और लिएंडर पेस अपने-अपने जोड़ीदारों के साथ उतरेंगे।
पेस और भूपति को इस टूर्नामेंट के लिए वरीयता मिली है। पेस के जोड़ीदार चेक गणराज्य के लुकास डुल्ही हैं जबकि भूपति बहामास के मार्क नोल्स के साथ अपनी दावेदारी पेश करेंगे।
अमेरिकी ओपन का सीधा प्रसारण टेन स्पोर्ट्स पर किया जाएगा। अमेरिकी ओपन के पुरुष वर्ग का फाइनल 14 सितंबर को फ्लशिंग मिडोज एरेना में खेला जाना है।
महिला वर्ग का एकल और युगल फाइनल 13 सितंबर और पुरुष वर्ग का युगल फाइनल 11 सितंबर को होना है। भारत में इन मैचों का प्रसारण संध्या काल से मध्यरात्रि के बाद तक होगा। स्विट्जरलैंड के टेनिस स्टार रोजर फेडरर लगातार छठे खिताब के लिए प्रयास करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications