अमेरिकी ओपन : युगल और मिश्रित युगल में आगे बढ़े पेस-भूपति
बहामास के मार्क नोल्स के साथ खेल रहे भूपति पुरुषों के युगल वर्ग के तीसरे दौर में पहुंचने में सफल रहे हैं।
भूपति-नोल्स की तीसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने शनिवार को दूसरे दौर के मुकाबले में अमेरिका के जेसी लेविन और रेयान स्विटिंग की जोड़ी को 7-5, 6-2 से पराजित किया।
अगले दौर में भूपति-नोल्स का सामना चीनी ताइपे के येन ह्सुन लू और इजलायल के डुडी सेला के साथ होगा।
मिश्रित युगल में भी भूपति को सफलता मिली। अमेरिका की लेजल ह्यूबर के साथ खेल रहे भूपति दूसरे दौर में अमेरिका की जिल श्राइबर और एरिक ब्यूटोराक की जोड़ी को 6-3, 6-3 से पराजित करने में सफल रहे।
दूसरी ओर, चेक गणराज्य के अपने साथी लुकास डुल्ही के साथ खेलते हुए पेस पुरुषों के युगल मुकाबलों के तीसरे दौर में स्थान बनाने में सफल रहे हैं।
पेस-डुल्ही ने स्पेन के निकोलस अल्माग्रो और रुबेन रामिरेज हिडाल्गो को सीधे सेटों में 6-2, 6-3 से पराजित किया। 59 मिनट तक चले मुकाबले के दौरान पेस-डुल्ही ने छह ब्रेक-प्वाइंट हासिल किए।
इस साल फ्रेंच ओपन खिताब जीतने वाले पेस-डुल्ही अगले दौर में आस्ट्रिया के जूलियन नोल और जुर्गे मेल्जर से दो-दो हाथ करेंगे।
वर्ष 2006 में मार्टिन डैम के साथ यहां खिताब जीतने वाले पेस अपने मौजूदा साथी के साथ पिछले साल फाइनल में पहुंचने में सफल रहे थे।
युगल के बाद पेस को मिश्रित युगल में भी सफलता हाथ लगी। पेस ने जिंबाब्वे की अपनी जोड़ीदार कारा ब्लैक के साथ मिलकर इटली की फ्लाविया पेनेता और सर्बिया के डुसान वेमिक की जोड़ी को 6-4, 6-4 से हराया।
अगले दौर में पेस और ब्लैक का सामना आस्ट्रेलिया की रीनी स्ट्ब्स और स्वीडन के राबर्ट लिंड्सटेड के साथ होगा।
मिश्रित युगल मुकाबले में सानिया मिर्जा अपने जोड़ीदार कनाडा के डेनियल नेस्टर के साथ चुनौती पेश करेंगी। सानिया एकल और महिलाओं के युगल वर्ग से बाहर हो चुकी हैं।
एकल वर्ग में भारत की चुनौती दूसरे दौर में समाप्त हो गई है। सानिया और सोमदेव देवबर्मन एकल वर्ग में भारत के उम्मीदवार थे लेकिन दोनों खिलाड़ी दूसरे दौर में हारकर खिताब की दौड़ से बाहर हो चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications