स्थानीय सुपर स्पोर्ट पार्क मैदान पर खेले जा रहे इस मैच में विस्फोटक सलामी बल्लेबाज सनथ जयसूर्या के रूप में श्रीलंका का पहला विकेट गिरा। मैच के तीसरे ओवर में तेज गेंदबाज डेल स्टेन की अंदर आती एक गेंद पर जयसूर्या चकमा खा गए और अपना विकेट गंवा बैठे। उन्हें पगबाधा आउट करार दिया गया।
जयसूर्या ने नौ गेंदों पर दो चौकों की सहायता से 10 रन बनाए। उनका विकेट जल्दी गंवाने के बावजूद दिलशान और संगकारा ने संभलकर खेलते हुए तेजी से रन बनाना जारी रखा और श्रीलंका की पारी संभाल ली।
दोनों के बीच हुई शतकीय साझेदारी की बदौलत पहले 20 ओवरों के खेल में श्रीलंका ने 6.45 रन प्रति ओवर की औसत एक विकेट के नुकसान पर 129 रन बना लिए। सलामी बल्लेबाज तिलकरत्ने दिलशान 73 और कप्तान कुमार संगकारा 38 रन बनाकर खेल रहे थे।
इससे पहले, दक्षिण अफ्रीका के कप्तान ग्रीम स्मिथ ने टॉस जीता और पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया।
टॉस हारने के बाद श्रीलंका के कप्तान कुमार संगकारा ने कहा कि उन्हें टॉस हारने का कोई गम नहीं है क्योंकि वह यदि टॉस जीतते भी तो पहले बल्लेबाजी ही करते।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।