स्थानीय सुपर स्पोर्ट पार्क मैदान पर खेले जा रहे इस मैच में विस्फोटक सलामी बल्लेबाज सनथ जयसूर्या के रूप में श्रीलंका का पहला विकेट गिरा। मैच के तीसरे ओवर में तेज गेंदबाज डेल स्टेन की अंदर आती एक गेंद पर जयसूर्या चकमा खा गए और अपना विकेट गंवा बैठे। उन्हें पगबाधा आउट करार दिया गया।
जयसूर्या ने नौ गेंदों पर दो चौकों की सहायता से 10 रन बनाए। उनका विकेट जल्दी गंवाने के बावजूद दिलशान और संगकारा ने संभलकर खेलते हुए तेजी से रन बनाना जारी रखा और श्रीलंका की पारी को संभाला।
दोनों के बीच हुई 158 रनों की साझेदारी हुई। मैच के 28वें ओवर में संगकारा के रूप में श्रीलंका का दूसरा विकेट गिरा। हालांकि इससे पहले वह 54 रन बना चुके थे। उन्हें जे. पी. ड्यूमिनी ने अपनी ही गेंद पर लपका।
इसके दो ओवर के बाद दिलशान भी चलते बने। उन्होंने 106 रनों की शतकीय पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 92 गेंदों का सामना किया और 16 चौके व एक छक्का लगाया। डेल स्टेन ने उन्हें अपना दूसरा शिकार बनाया।
खबर लिखे जाने तक माहेला जयवर्धने 40 और थिलान समरवीरा 18 रन बनाकर खेल रहे थे।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से स्टेन ने श्रीलंका के दो महत्वपूर्ण खिलाड़ियों को पवेलियन की राह दिखाई। एक विकेट ड्यूमिनी को मिला।
इससे पहले, दक्षिण अफ्रीका के कप्तान ग्रीम स्मिथ ने टॉस जीता और पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया।
टॉस हारने के बाद श्रीलंका के कप्तान कुमार संगकारा ने कहा कि उन्हें टॉस हारने का कोई गम नहीं है क्योंकि वह यदि टॉस जीतते भी तो पहले बल्लेबाजी ही करते।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।