नेहरू कप का फ़ाइनल आज
नेहरू कप अंतरराष्ट्रीय फ़ुटबॉल प्रतियोगिता का फ़ाइनल मुक़ाबला सोमवार को दिल्ली के अंबेडकर स्टेडियम में भारत और सीरिया के बीच खेला जाएगा.
भारत नेहरू कप में पिछली बार यानी वर्ष 2007 की विजेता टीम है और उसने सीरिया को ही फ़ाइनल में 1-0 से पराजित किया था.
भारतीय फ़ुटबॉल टीम के कप्तान बाइचुंग भूटिया ने फ़ाइनल मुक़ाबले में पिछले इतिहास को दोहराने की बात कही है.
उन्होने कहा है कि ख़िताब को बरक़रार रखने के लिए भारत की कोशिश होगी. इसके लिए कोशिश ये होगी कि शुरुआत में टीम पर कोई गोल नहीं दाग़ा जा सके ताकि दबाब से बचा जा सके.
उनका कहना था, "अगर ये कप जीत जाते हैं तो पिछले तीन वर्षों में हमारा ये तीसरा ख़िताब होगा. सीरिया एक अच्छी टीम है. हम लोगों को अच्छे खेल और कड़ी मेहनत का प्रदर्शन करना होगा."
भूटिया ने कहा, "ये आसान नहीं होगा. लेकिन अगर हम अपनी पूरी ऊर्जा लगाएंगे तो जीत सकते हैं."
भारत प्रतियोगिता के आख़िरी लीग मैच में शनिवार को सीरिया से 1-0 से हार गया था. ऐसे में माना जा रहा है कि मेज़बान टीम के लिए मैच जीतना आसान नहीं होगा. भारत लीग मुक़ाबले मे दो मैच हारा था. पहला लेबनॉन से और दूसरा सीरिया से.
हालाँकि भारतीय टीम के कोच बॉब हॉटन ने जीत की उम्मीद जताई है.
हॉटन ने खिलाड़ियों को ख़बरदार करते हुए कहा है कि सीरिया इस बात को अच्छी तरह जानता है कि कैसे बड़े मुक़ाबले जीते जाते हैं.
उनका कहना था, "किसी भी प्रकार की ढील ख़िताब से दूर सकती है."
उनका ये भी कहना है कि दिल्ली के अंबेडकर स्टेडियम में समर्थकों की भीड़ से खिलाडियों का मनोबल बढ़ेगा और जो जीत में मददगार साबित होगा.
इस टूर्नामेंट में भारत और लेबनॉन के अलावा सीरिया, श्रीलंका और किर्गिस्तान ने हिस्सा लिया है.
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
