आप इनदिनों टीवी पर धुआंधार भारतीय सलामी बल्लेबाज़ वीरेंदर सहवाग को हॉकी और विशेषकर भारतीय हॉकी टीम का प्रचार करते देख रहे हैं.
लेकिन अब तक दिल्ली में चल रहे हॉकी विश्व कप में भारत को स्टेडियम में बैठकर खेलते हुए नहीं देख पाए हैं.
वीरेंद्र सहवाग ने बुधवार को दिल्ली में कहा, “मैंने भारत-पाकिस्तान और भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच मैच टीवी पर देखे लेकिन मैं वायरल की वजह स्टेडियम में नहीं पहुंच पाया. अब मैं स्वस्थ हूं और शायद मैं मैच देखने मैदान पर जाऊंगा.”
विज्ञापन में ‘फिर दिल दो हॉकी को’ बोलते नज़र आ रहे सहवाग भारत को दिल्ली में हो रहा हॉकी विश्व कप जीतते देखना चाहते हैं.
बालों का राज़
हाल ही तक सहवाग के सर के बाल ग़ायब होते जा रहे थे और फिर अचानक वो अपने नए रुप में सामने आए, काले घने बालों के साथ.
हेयर इंप्लांट के बाद सहवाग का नया लुक काफ़ी चर्चा में है.
लेकिन क्या सहवाग को गंजेपन से इतना गुरेज क्यों? सहवाग कहते हैं, “भारत में गंजेपन को अच्छा नहीं समझा जाता. ज़्यादातर विज्ञापन भी घने बालों वालों को ही मिलते हैं.”
ये पूछे जाने पर कि क्या वो नई तकनीक से बाल उगाकर महिलाओं को प्रभावित करना चाहते हैं, सहवाग दिलचस्प-सा जवाब देते हैं, “अब मैं उतना जवान नहीं हूँ, भले ही जवान लगता हूं लेकिन अब मेरी शादी हो गई है, बच्चे है. आजकल मैं सिर्फ़ अपने खेल पर ध्यान देता हूं, अब मेरी महिला मित्रों में रुचि नहीं है.”
शुरु शुरु में तो सहवाग के दोस्त भी उनके बालों को देखकर चौंक गए.
वीरेंदर सहवाग कहते हैं, “दोस्त पूछते थे कि ये बाल असली हैं या नकली.”