बीजिंग में होने वाले ओलंपिक खेलों के लिए भारतीय हाकी टीम को टिकट कजान में मिलना है। वहां 19 अप्रैल से ओलंपिक क्वालीफाइंग प्रतियोगिता शुरू होगी।
दिल्ली रवाना होने से पहले भारतीय महिला हाकी टीम की कप्तान ममता खरब ने कहा, "टीम का तालमेल अच्छा है। सारी लड़कियां अपनी-अपनी पोजीशन पर अच्छा खेल रही हैं। मुझे पूरी उम्मीद है कि हमारी टीम जीतकर ही लौटेगी।"
टीम के प्रशक्षिक एम. के. कौशिक ने कहा कि लखनऊ में प्रैक्टिस के दौरान टीम ने बहुत पसीना बहाया है। इस दौरान खेल के कई पहलुओं पर खास ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि रिक चार्ल्सवर्थ ने भी टीम को कई गुर सिखाये हैं।
उल्लेखनीय है कि लखनऊ के साई सेंटर में ओलंपिक क्वालीफाइंग प्रतियोगिता के लिए भारतीय महिला हाकी टीम का कैंप लगाया गया था। टीम पिछले डेढ़ महीने से यहां लगातार अभ्यास कर रही थी। इस दौरान टीम को मशहूर आस्ट्रेलियन हाकी खिलाड़ी रिक चार्ल्सवर्थ की सेवाएं भी मिली।
इससे पहले गत रविवार को टीम ने लखनऊ के के. डी. सिंह बाबू स्टेडियम में साई सेंटर की महिला हाकी टीम के साथ अभ्यास मैच खेला।