शीर्ष हरफनमौला खिलाड़ियों की जमात में शामिल हुए विटोरी (लीड-1)
सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर बुधवार से श्रीलंका के साथ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में दो विकेट हासिल करने के साथ विटोरी ने 300 टेस्ट विकेट के जादुई आंकड़े को छूआ।
विटोरी ने 300वें विकेट के रूप में श्रीलंकाई कप्तान कुमार संगकारा को पेवेलियन लौटाया। वह 300 या उससे अधिक विकेट लेने वाले टेस्ट इतिहास के 24वें और न्यूजीलैंड के दूसरे गेंदबाज बन गए हैं।
वह 300 विकेटों का आंकड़ा छूने वाले न्यूजीलैंड के पहले स्पिनर हैं। न्यूजीलैंड के लिए इससे पहले यह कारनामा सर रिचर्ड हेडली ने किया था। एक तेज गेंदबाज के तौर पर हेडली ने 86 मैचों में 431 विकेट अपने नाम किए थे।
वर्ष 1997 में अपना टेस्ट करियर शुरू करने वाले 30 साल के विटोरी ने करियर के 94वें मैच में 300 विकेट पूरे किए। उन्होंने 18 बार पारी में पांच विकेट और तीन बार मैच में 10 विकेट हासिल किए हैं।
टेस्ट मैचों में सर्वाधिक विकेट लेने का रिकार्ड श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन के नाम है, जिन्होंने 129 मैचों में 777 विकेट चटकाए हैं।
मुरली के बाद आस्ट्रेलिया के शेन वार्न ही ऐसे गेंदबाज हैं, जिन्होंने टेस्ट मैचों में 700 विकेटों का आंकड़ा पार किया है। वार्न के नाम 708 विकेट दर्ज हैं। वार्न क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं।
विटोरी से पहले इंग्लैंड के इयान बॉथम, भारत के कपिल देव, पाकिस्तान के इमरान खान, वार्न, दक्षिण अफ्रीका के शान पोलाक और श्रीलंका के चमिंडा वास ने टेस्ट मैचों में 300 विकेट और 3000 या उससे अधिक रन बनाने का कारनामा किया है।
यही नहीं, विटोरी विश्व क्रिकेट के सबसे सफल बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज हैं। उन्होंने पिछले सप्ताह इंग्लैंड के डेरेक अंडरवुड के 297 विकेटों के रिकार्ड को पीछे छोड़ा था।
विटोरी ने कहा कि यह उनके जीवन का सबसे गौरवशाली दिन है। बकौल विटोरी, "यह मेरे करियर का सबसे बड़ा दिन है। मैं अपने देश के लिए कुछ खास करके काफी प्रसन्नता महसूस कर रहा हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications