हैदराबाद टेस्ट : मैक्लम का दोहरा शतक, नतीजे के आसार कम (लीड-1)
हैदराबाद, 16 नवंबर (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने भारत के साथ खेली जा रही तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला के दूसरे मुकाबले के पांचवें दिन मंगलवार को ब्रैंडन मैक्लम के शानदार दोहरे शतक और केन विलियमसन के अर्धशतक की बदौलत अपनी दूसरी पारी में छह विकेट के नुकसान पर 420 रन बनाकर 298 रनों की बढ़त हासिल कर ली है।
चौथे दिन का खेल खत्म होने तक कीवी टीम ने चार विकेट के नुकसान पर 237 रन बनाते हुए 115 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी। पांचवें दिन के पहले सत्र में भारतीय गेंदबाज पूरी तरह बेअसर साबित हुए।
मैक्लम के शानदार खेल का असर रहा कि युवा बल्लेबाज विलियमसन ने भी मैदान पर जल्द ही पैर जमा लिए। इस बीच अपने टेस्ट करियर का दूसरा मैच खेल रहे विलियमसन ने अर्धतक पूरा किया। पहले टेस्ट में उन्होंने शतक लगाया था।
पहले सत्र में मैक्लम और विलियमसन ने भारतीय गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। मैक्लम ने 286 गेंदों का सामना करते हुए 18 चौकों और चार छक्कों की मदद से अपने करियर का पहला दोहरा शतक लगाया। इससे पहले उनका सर्वोच्च व्यक्तिगत योग 185 रन था।
कीवी टीम ने 345 रन के कुल योग पर विलियमसन और 396 रनों पर कप्तान डेनियल विटोरी के विकेट गंवाए। विटोरी ने 23 रन बनाए जबकि विलियमसन ने 146 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 69 रनों की उपयोगी पारी खेली।
मैक्लम 303 गेंदों पर 20 चौकों और चार छक्कों की सहायता से 215 रन बनाकर विकेट पर डटे हैं जबकि गारेथ हॉपकिन्स सात रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं। भारत की ओर से सुरेश रैना और प्रज्ञान ओझा ने दो-दो सफलता हासिल की है।
चौथे दिन कीवी टीम ने सलामी बल्लेबाज टिम मिशिंटोस (49), मार्टिन गुपटिल (18), जेसी राइडर (20) और रॉस टेलर (7) के विकेट गंवाए थे। मेहमान टीम ने अपनी पहली पारी में 350 रन बनाए थे जबकि भारतीय टीम अपनी पहली पारी में 472 रन बनाने में सफल रही।
इसमें हरभजन सिंह के नाबाद 111 रन शामिल हैं। श्रृंखला में हरभजन का यह लगातार दूसरा शतक था। भज्जी ने अहमदाबाद टेस्ट की दूसरी पारी में 115 रन बनाए थे।
तीन मैचों की श्रृंखला में दोनों टीमें 0-0 की बराबरी पर चल रही हैं। अहमदाबाद में खेला गया पहला टेस्ट मैच बराबरी पर खत्म हुआ था। टेस्ट श्रृंखला के बाद दोनों टीमें एकदिवसीय श्रृंखला भी खेलेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications