For Quick Alerts
ALLOW NOTIFICATIONS  
For Daily Alerts

हॉकी विश्व कप : इंग्लैण्ड और ऑस्ट्रेलिया की धमाकेदार जीत, भारत हारा (राउंडअप)

By Jaya Nigam

नई दिल्ली, 4 मार्च (आईएएनएस)। हीरो होंडा एफआईएच हॉकी विश्व कप के अंतर्गत गुरुवार को खेले गए पूल बी के मुकाबलों में जहां ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका पर रिकॉर्ड जीत दर्ज की वहीं इंग्लैण्ड ने पाकिस्तान को हराकर अपनी लगातार तीसरी जीत हासिल की। हालांकि भारत को निराशा हाथ लगी क्योंकि स्पेन के खिलाफ वह अपना महत्वपूर्ण मुकाबला हार गया।

दिन के पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को 12-0 से हराया जबकि इंग्लैण्ड ने अपनी तीसरी जीत हासिल करते हुए पाकिस्तान को 5-2 से शिकस्त दी। स्पेन ने भी भारत पर 5-2 के ही अंतर से जीत दर्ज की।

प्रतियोगिता में भारत की यह लगातार दूसरी हार है जबकि स्पेन ने दूसरी जीत दर्ज की है। भारत ने पहले पूल मुकाबले में पाकिस्तान को 4-1 से हराया था लेकिन दूसरे मुकाबले में उसे ऑस्ट्रेलिया के हाथों 5-2 से करारी शिकस्त मिली थी।

स्पेन ने अपने पहले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका 4-2 के अंतर से हराया था जबकि दूसरे मुकाबले में उसे पाकिस्तान के हाथों 1-2 के अंतर से हार मिली थी।

इस मैच की बात करें तो स्पेन की टीम मध्यांतर तक 2-0 की बढ़त बनाए हुए थी। मध्यांतर से पहले अल्बर्ट साला ने 19वें और पाबलो अमाट ने 35वें मिनट में गोल किया था।

मध्यांतर के तुरंत बाद भारत के संदीप सिंह ने 39वें मिनट में पेनॉल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को पहली सफलता दिलाई लेकिन दो मिनट बाद पाउ क्योमादा ने एक और गोल ठोककर स्पेन को 3-1 की बढ़त दिला दी।

स्पेन का आक्रमण लगातार जारी रहा। एक मिनट बाद ही रोमन एलग्रे ने एक और शानदार गोल करके स्पेनिश टीम मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

इसके बाद भारतीय टीम और बौखला गई। इसी का नतीजा था कि उसने लगातार तीन पेनॉल्टी कॉर्नर हासिल किए लेकिन संदीप सिंह एक को भी गोल में नहीं बदल सके। मैच के 43वें मिनट में गुरविंदर सिंह चांडी ने एक बेहतरीन फील्ड गोल करके स्कोर को 4-2 कर दिया। अगले 24 मिनट तक दोनों टीमों के बीच जबरदस्त मुकाबला चलता रहा।

खेल 67वें मिनट में स्पेन को गोल करने का एक और मौका मिला जिसे क्योमादा ने अपने हाथ से जाने नहीं दिया। इस तरह स्पेन 5-2 की बढ़त के साथ मैच समाप्त करने में सफल रहा।

इससे पहले खेले गए दिन के दूसरे मुकाबले में इंग्लैण्ड ने पाकिस्तान को 5-2 से हराया।

इंग्लैण्ड के लिए जोन्टी क्लार्क ने 20वें मिनट में पहला गोल किया जबकि 32वें मिनट में एश्ले जैक्सन की स्टिक से दूसरा गोल निकला।

मध्यांतर तक इंग्लैण्ड की टीम इसी अंतर से आगे रही। मध्यांतर के बाद शकील अब्बासी ने एक शानदार फील्ड गोल करके पाकिस्तान को पहली सफलता दिलाई। इसके चार मिनट बाद ही रेहान बट्ट ने पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए गोल कर स्कोर 2-2 कर दिया।

मैच में रोमांच लौट चुका था। मैदान में मौजूद गिने-चुने पाकिस्तानी समर्थक टीम की जबरदस्त हौसला अफजाई करने लगे लेकिन 52वें मिनट में इंग्लैण्ड के कप्तान बैरी मिडिल्टन ने एक फील्ड गोल करके इंग्लैण्ड को 3-2 से आगे कर दिया। इसके बाद 62वें मिनट में जोन्टी क्लार्क ने एक और गोल करके अपनी टीम को महत्वपूर्ण बढ़त दिला दी। इसके तीन मिनट बाद मिडल्टन ने एक और फील्ड गोल करके इस बढ़त को और पुख्ता कर दिया। इसी स्कोर के साथ मैच समाप्त हुआ।

इस विश्व कप में इंग्लैण्ड की टीम जहां 9 अंकों के साथ पूल बी में पहले स्थान पर पहुंच गई है वहीं गुरुवार को दक्षिण अफ्रीका को 12-0 से हराकर ऑस्ट्रेलिया ने छह अंक जुटा लिए हैं। पाकिस्तान ने तीन मैच खेले हैं जिनमें से दो में उसे हार मिली है जबकि एक मैच में वह जीत हासिल करने में सफल रहा है।

दिन का पहला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला गया। यह मुकाबला पूरी तरह एकतरफा रहा क्योंकि आस्ट्रेलिया ने खिताब का प्रबल दावेदार होने के नाते अपना वर्चस्व साबित करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 12-0 के अंतर से पराजित किया। विश्व कप के लिहाज से यह सबसे बड़ी जीत का विश्व रिकार्ड है।

इस विश्व कप में आस्ट्रेलिया की यह लगातार दूसरी जीत है। मंगलवार को अपने दूसरे मुकाबले में भारत को 5-2 से हराया था। अपने पहले पूल मुकाबले में हालांकि उसे इंग्लैंड के हाथों हार मिली थी लेकिन उसके बाद आस्ट्रेलियाई टीम ने अपनी छवि के अनुरूप खेल दिखाते हुए लगातार जीत हासिल की है।

इस विश्व कप में किसी भी टीम की यह सबसे बड़ी जीत है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी यह आस्ट्रेलिया की सबसे बड़ी जीत है। उसने बीजिंग ओलंपिक में दक्षिण अफ्रीका को 10-0 से हराया था।

आस्ट्रेलिया के लिए ल्यूक डोरनर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार गोल किए। उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। डोरनर ने 15वें, 34वें, 49वें और 68वें मिनट में गोल दागे। वह पांच गोल के साथ इस विश्व कप में सर्वाधिक गोल दागने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

डोरनर के अलावा आस्ट्रेलिया के लिए ग्लेन टर्नर ने 20वें और 62वें, डेसमंड एबॉट ने 26वें, फर्गस कवानाग ने 35वें, मैथ्यू बुटुरीनी ने 44वें और जैमी ड्वाएर ने 52वें, 54वें और 65वें मिनट में गोल दागे। मध्यांतर तक आस्ट्रेलियाई टीम 5-0 से आगे थी।

दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीकी टीम को लगातार तीसरी बार हार का सामना करना पड़ा। उसे पहले मैच में इंग्लैंड और दूसरे मैच में स्पेन के हाथों हार मिली थी। इस जीत ने जहां आस्ट्रेलिया को तालिका में सबसे ऊपर पहुंचा दिया है वहीं दक्षिण अफ्रीकी टीम की चुनौती समाप्त हो चुकी है।

आस्ट्रेलिया ने तीन मैचों में 19 गोल किए हैं जबकि उसे सिर्फ पांच गोल खाने पड़े हैं। दूसरी ओर दक्षिण अफ्रीका को तीन मैचों में 22 गोल खाने पड़े हैं।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:32 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+