स्पेन के लिए पहला गोल क्वेमादा ने 35 वें मिनट में और दूसरा गोल तोबाउ ने 64 वें मिनट में दागा। पहला गोल पेनाल्टी कार्नर के जरिए किया गया जबकि दूसरा फील्ड गोल था। पूरे मैच के दौरान स्पेन के खिलाड़ी यूरोपीयन चैम्पियन इंग्लैंड पर हावी रहे।
इसी का नतीजा था कि इस विश्व कप में इंग्लैंड को पहली बार हार का स्वाद चखना पड़ा। इस हार से हालांकि उसके आगे के सफर पर कोई असर नहीं पड़ेगा क्योंकि शनिवार को मेजबान भारत को हराने के साथ इंग्लैंड की टीम सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है।
दूसरी ओर, स्पेन के लिए यह जीत मनोबल बढ़ाने के लिहाज से काफी मायने रखती है। वैसे इस जीत के बावजूद उसका अंतिम चार में पहुंचना संभव नहीं हो सका। स्पेन की यह तीसरी जीत है। उसे पाकिस्तान और आस्ट्रेलिया के हाथों हार मिली है। पाकिस्तान के हाथों मिली 1-2 की हार उसे ज्यादा महंगी पड़ी।
यह मैच जीतकर स्पेन ने अपने अंकों की संख्या नौ कर ली है। पूल-ए में आस्ट्रेलिया के भी नौ अंक हैं, लेकिन गोल अंतर के लिहाज से वह स्पेन से काफी बेहतर स्थिति में है।
स्पेन ने दूसरी टीमों के खिलाफ 12 गोल किए हैं जबकि चार मैचों के जरिए 21 गोल करके आस्ट्रेलिया की टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने का मौका मिल गया।
इस रोमांचक मुकाबले को देखने के लिए स्पेन और इंग्लैंड के समर्थक बड़ी तादाद में स्टेडियम में पहुंचे। मैच की शुरुआत से पहले ही दोनोंे देशों के समर्थक मैदान में पहुंच चुके थे। महिलाओं और पुरुषों के अलावा बड़ी संख्या में बच्चे भी मैच का लुत्फ उठाने और अपने देश के खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई के लिए यहां पहुंचे।
स्पेन और इंग्लैंड के 'बाल' समर्थक हाथों में अपने-अपने देशों के झंडे लिए काफी उत्साहित नजर आए। स्पेन के समर्थकों में से कइयों ने अपने राष्ट्रध्वज के रंग की पोशाक पहन रखी थी। हार के कारण इंग्लैंड के समर्थकों को निराशा हाथ लगी लेकिन वे इस बात को लेकर खुश थे कि उनकी टीम पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है।
मैदान में पहुंचने वाले दर्शकों में ज्यादातर संख्या भारत में स्थित स्पेनिश और ब्रिटिश दूतावासों के कर्मचारियों और उनके परिजनों की थी। इसके अलावा विश्व कप के दौरान भारत दौरे पर आए पर्यटक भी इस मैच का लुत्फ उठाने पहुंचे।
ऐसे ही एक पर्यटक जान गूसेन हैं। गूसेन इंग्लैंड के हल सिटी के निवासी हैं। वह लगभग दो महीने से भारत दौरे पर हैं और इस वक्त खास तौर पर विश्व कप मैच देखने के लिए नई दिल्ली पहुंचे हैं।
गूसेन के साथ उनकी महिला मित्र कैथरीन सेटा भी हैं। सेटा ने बताया कि मुंबई दौरे के दौरान उन्होंने दो दिन पहले भारत और इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीमों के बीच खेले गए ट्वेंटी-20 मैच का भी लुत्फ लिया। सेटा ने बताया कि वह और गूसेन खिताबी मुकाबला देखकर ही दिल्ली से कहीं और जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।