हॉकी विश्व कप : 1986 का इतिहास दोहराने उतरेगा इंग्लैंड
नई दिल्ली, 10 मार्च (आईएएनएस)। इंग्लैंड और जर्मनी की टीमों के बीच गुरुवार को हीरो होंडा एफआईएच विश्व कप का पहला सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाना है। इंग्लैंड की टीम मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में 1986 विश्व कप का इतिहास दोहराने का प्रयास करेगी, जब उसने सेमीफाइनल में जर्मनी को 3-2 से पराजित किया था।
आंकड़ों के लिहाज से जर्मनी का पलड़ा भारी है। दोनों टीमों के बीच अब तक विश्व कप में पांच मुकाबले खेले गए, जिनमें से जर्मनी ने तीन मुकाबले जीते हैं। एक मुकाबला बराबरी पर छूटा है जबकि 1986 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड विजयी रहा था।
1990 और 2006 विश्व कप के दौरान भी इंग्लैंड और जर्मनी की टीमें एक-एक बार आमने-सामने हुई थीं। मौजूदा यूरोपीयन चैम्पियन इंग्लैंड को इन दोनों मुकाबलों में तीसरी बार खिताब के लिए प्रयासरत जर्मनी के हाथों 1-2 से हार मिली थी।
जर्मनी की टीम लगातार 11वीं बार सेमीफाइनल में पहुंची है जबकि इंग्लैंड की टीम 1986 के बाद दूसरी बार अंतिम चार दौर में जगह बना सकी है। 1986 के बाद खेले गए पांच विश्व कप आयोजनों में इंग्लैंड ने पांचवां, छठा और सातवां स्थान हासिल किया है जबकि इस दौरान जर्मनी ने दो बार खिताब अपने नाम किया है।
जर्मनी ने 2002 और 2006 में लगातार दो बार खिताब जीता है। मौजूदा विश्व कप के अंतर्गत लीग स्तर में 12 टीमों के बीच कुल 30 मैच खेले गए। इस दौर में जर्मनी ही एकमात्र ऐसी टीम रही, जिसे हार का सामना नहीं करना पड़ा जबकि कनाडा एकमात्र ऐसी टीम रही, जिसे एक भी जीत नहीं मिली।
जर्मनी ने पूल-ए के पांच मैचों में तीन जीत हासिल की जबकि हालैंड और दक्षिण कोरिया के खिलाफ उसका मुकाबला बराबरी पर छूटा था। दूसरी ओर कनाडा को पांच के पांच मैच गंवाने पड़े। पूल-ए में जर्मनी, हालैंड और कोरिया ने तीन-तीन जीत दर्ज किए जबकि अर्जेटीना और न्यूजीलैंड को दो-दो जीत मिली। जर्मनी की टीम 11 अंकों के साथ सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रही।
हालैंड और कोरिया की टीमों ने 10-10 अंक हासिल किए लेकिन बेहतर गोल अंतर के कारण हालैंड को अंतिम चार में पहुंचने का मौका मिल गया। कोरिया ने लीग मैच में हॉलैंड को हराया था। पूल-बी में आस्ट्रेलिया और इंग्लैंड को चार-चार जीत मिली जबकि स्पेन ने तीन जीत दर्ज की। मेजबान भारत, दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान को एक-एक जीत मिली।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications