हॉकी विश्व कप : सर्वाधिक गोल की दौड़ में डोरनर ने की ताएकेमा की बराबरी
जयंत के. सिंह
नई दिल्ली, 6 मार्च (आईएएनएस)। आस्ट्रेलियाई हॉकी टीम के पेनाल्टी कार्नर विशेषज्ञ ल्यूक डोरनर ने हीरो होंडा एफआईएच विश्व कप में सबसे अधिक गोल करने की दौड़ में हालैंड के ताएकी ताएकेमा की बराबरी कर ली है। ताएकेमा और डोरनर के नाम कुल 6-6 गोल दर्ज हैं।
ताएकेमा ने शुक्रवार को कनाडा के साथ खेले गए पूल-ए मुकाबले में दो गोल करने के साथ इस तालिका में पहला स्थान हासिल किया था। डोरनर ने शनिवार को स्पेन के खिलाफ एक गोल करके उनकी बराबरी की। आस्ट्रेलिया ने यह मुकाबला 2-0 से जीता।
डोरनर ने अपने हिस्से आए सभी गोल पेनाल्टी कार्नर के जरिए किए हैं। ताएकेमा के भी सभी गोल पेनाल्टी कार्नर के जरिए ही निकले हैं। डोरनर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चार गोल किए थे। सर्वाधिक गोल करने के मामले में वह अपने देश के जेमी ड्वाएर (पांच गोल) से आगे निकल गए हैं।
सर्वाधिक गोल करने के मामले में आस्ट्रेलिया के ग्लेन टर्नर ने शनिवार को किए गए पांचवें गोल के साथ ड्वाएर की बराबरी कर ली है। टर्नर ने सबसे अधिक चार फील्ड गोल किए हैं जबकि ड्वाएर के नाम तीन फील्ड गोल दर्ज हैं।
इस सूची में इंग्लैंड के एश्ले जैक्सन, स्पेन के पॉल क्वेमादा, भारत के संदीप सिंह, इंग्लैंड के जेम्स टिंनडैल, जर्मनी के फ्लोरियन फुच्च और दक्षिण कोरिया के ली नैम यंग तीन-तीन गोलों के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं।
वैसे, हॉकी विश्व कप के किसी एक संस्करण में सर्वाधिक गोल करने का रिकार्ड हॉलैंड के खिलाड़ी पॉल लिटजेंस के नाम है। लिटजेंस ने 1978 विश्व कप में कुल 15 गोल किए थे।
विश्व कप के किसी एक संस्करण में सर्वाधिक गोल करने की सूची में दूसरा नाम भारत के राजिंदर सिंह और आस्ट्रेलिया के जे स्टेसी के नाम है। सिंह ने 1982 में भारत में खेले गए विश्व कप में कुल 12 गोल किए थे जबकि स्टेसी ने 1998 में इतने ही गोल लगाए थे।
हॉलैंड के पेनाल्टी कार्नर विशेषज्ञ ताएकी ताएकेमा का नाम इस सूची में तीसरे स्थान पर है। ताएकेमा ने 2006 में कुल 11 गोल लगाए थे। इस विश्व कप में ताएकेमा के नाम अब तक चार गोल दर्ज हो चुके हैं।
स्पेन के इग्नासियो एस्कुदे, हॉलैंड के टाको वान डेन होनेर्ट, अर्जेटीना के जोर्ग लोंबी और पाकिस्तान के सोहैल अब्बास 10-10 गोलों के साथ इस सूची में चौथे स्थान पर हैं। एस्कुदे ने यह कारनामा 1990 में, होनेर्ट ने 1994 में तथा लोंबी और अब्बास ने 2002 विश्व कप में सर्वाधिक गोल किए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications