यूनुस और यूसुफ पर आजीवन प्रतिबंध (लीड-1)
कराची, 10 मार्च (आईएएनएस)। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने बुधवार को क्रिकेट जगत को चौंकाने वाला फैसला करते हुए आस्ट्रेलिया दौरे के दौरान अपने कर्तव्य से भटकने और अनुशासनहीनता को बढ़ावा देने के आरोप में राष्ट्रीय टीम के कप्तान मोहम्मद यूसुफ और पूर्व कप्तान यूनुस खान पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया।
पीसीबी ने हार के कारणों पर विचार करने के लिए एक समिति गठित की थी। इस समिति ने पाया कि अनुशासनहीनता और एकजूटता की कमी के कारण टीम की हार हुई है। समिति द्वारा दाखिल रिपोर्ट के आधार पर पीसीबी ने यूनुस और यूसुफ के अलावा पाकिस्तानी टीम के कई प्रमुख खिलाड़ियों पर प्रतिबंध और जुर्माने की झड़ी लगा दी है।
इसके लिए समिति ने यूसुफ और यूनुस के अलावा ट्वेंटी-20 टीम के कप्तान शाहिद अफरीदी, विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान अकमल, उनके छोटे भाई उमर अकमल, पूर्व कप्तान शोएब मलिक तथा तेज गेंदबाज राणा नवेद उल हसन को मुख्य रूप से दोषी पाया है।
यूसुफ और यूनुस पर जहां अपने कर्तव्य के प्रति लापरवाही दिखाने के कारण अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेलने पर आजीवन प्रतिबंध लगाया गया है वहीं राणा और मलिक पर एक वर्ष का प्रतिबंध लगाया गया है। यूसुफ और यूनुस काउंटी तथा घरेलू मैच में खेल सकते हैं।
अकमल भाइयों और अफरीदी पर छह महीने तक क्रिकेट खेलने पर रोक लगा दी गई है। साथ ही इन तीनों खिलाड़ियों पर 20 से 30 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया गया है।
पीसीबी ने अपने बयान में कहा, "यूसुफ और यूनुस पर क्षमता के साथ न्याय नहीं करने और टीम की मर्यादा खराब करने का आरोप साबित हुआ है। उनके गैरजिम्मेदाराना व्यवहार और खेल से पूरी टीम की छवि खराब हुई। इसी कारण फैसला लिया गया है कि वे आगे से राष्ट्रीय टीम के सदस्य नहीं होंगे।"
बोर्ड ने साफ किया कि अफरीदी पर बॉल टेंपरिंग मामले में 30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। बोर्ड ने कहा, "अफरीदी की हरकत शर्मनाक थी। इससे खेल के साथ-साथ देश का नाम भी खराब हुआ। उन्हें जुर्माने के साथ-साथ छह महीने तक प्रोबेशन में रहने का निर्देश दिया गया है। इस दौरान उनके आचरण पर नजर रखी जाएगी।"
अकमल भाइयों को लेकर पीसीबी ने कहा कि ऐसे में जबकि पाकिस्तानी टीम आस्ट्रेलिया में लगातार हार रही थी, अकमल भाइयों ने अनुशासनहीनता की पराकाष्ठा पार कर ली थी। उमर पर 20 लाख रुपये का जुर्माना लगा है जबकि कामरान को 30 लाख रुपये जुर्माना भरना होगा। बोर्ड दोनों भाइयों के आचरण पर अगले छह महीनों तक नजर रखेगा।
पीसीबी की जांच समिति में वसीम बारी, वजीर अली खोजा, यावर सईद, जाकिर खान और तफ्फजुल हैदर रिजवी शामिल थे। पूर्व विकेटकीपर और पीसीबी के मुख्य परिचालन अधिकारी बारी को समिति का अध्यक्ष बनाया गया था।
उल्लेखनीय है कि आस्ट्रेलिया में खेली गई पांच मैचों की टेस्ट तथा इतने ही मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में पाकिस्तान टीम को 0-5 से हार मिली थी। उससे पहले यह टीम न्यूजीलैंड के हाथों भी टेस्ट श्रृंखला हार गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications