नई दिल्ली। दबंग दिल्ली का प्रो कबड्डी लीग 2019 में दबंगई खेल लगातार जारी है। दिल्ली ने लीग के 66वें मुकाबले में पटना पाइरेट्स को 38-35 से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। इस जीत के साथ दिल्ली अभी भी अंक तालिका में पहले स्थान पर बना हुआ है। वहीं पटना की टीम एक और हार के साथ सबसे निचले पायदान पर है। दिल्ली के लिए नवीन कुमार ने बेहतरीन खेल दिया जिन्होंने लगातार नौवां सुपर 10 लगाते हुए परदीप नरवाल के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। यही नहीं, उन्होंने पीकेएल में सबसे तेज 300 प्वाइंट पूरे करने का रिकाॅर्ड भी बनाया।
पटना के लिए परदीप नरवाल ने 18 अंक बोटेरे लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। इस मुकाबले में दिल्ली को 23 रेड प्वाइंट्स, 11 टैकल प्वाइंट्स और 4 आलआउट प्वाइंट्स मिले। वहीं, पटना को 24 रेड प्वाइंट्स, 7 टैकल प्वाइंट्स और 4 आलआउट प्वाइंट्स मिले। दिल्ली ने पहले हाफ की शुरूआत से ही 7 प्वाइंट की एक बड़ी बढ़त बना ली। 10वें मिनट में ही दबंग दिल्ली ने पटना पाइरेट्स को ऑल आउट कर दिया और 21-7 के स्कोर के साथ 14 प्वॉइंट की बढ़त बना ली। हालांकि इसके बाद पटना ने वापसी की कोशिश की और 13वें मिनट में दिल्ली को ऑल आउट किया। वहीं परदीप नरवाल ने इस दौरान पीकेएल इतिहास में अपने 950 प्वाइंट भी पूरे किए। पहले हाफ में स्कोर 26-17 से दबंग दिल्ली के पक्ष में रहा। पहले हाफ में नवीन कुमार ने अपना सुपर 10 भी पूरा किया।
दूसरे हाफ में भी दिल्ली ने अपनी बढ़त लगातार बनाए रखी। 31वें मिनट तक दिल्ली की टीम 11 प्वाइंट से आगे थी। इस दौरान परदीप नरवाल ने अपना सुपर 10 भी पूरा किया। 36वें मिनट में पटना ने एक बार फिर दिल्ली को ऑल आउट किया और स्कोर डिफरेंस सिर्फ 4 प्वॉइंट का कर दिया। 39वें मिनट तक दिल्ली सिर्फ 2 प्वाइंट से आगे थी। हालांकि आखिर में दिल्ली ने बाजी मार ली।
दोनों टीमें इस प्रकार हैं -
दबंग दिल्ली की टीम :
रेडर : अमल कादियान, चंद्रन रंजीत, नवीन कुमार , नीरज नरवाल, सुमित कुमार।
डिफेंडर : मोहित, विशाल माने, प्रतीक पाटिल, रविंदर पहल, अनिल कुमार, सईद गफ्फारी, सत्यवान, सुमित, जोगिंदर नरवाल, सोमबीर।
ऑलराउंडर : बलराम, मेराज शेख, विजय।
पटना पाइरेट्स की टीम :
रेडर : आशीष, जैंग कुन ली, मोहम्मद इस्माइल मगशूदलू महाली, मोहित, नवीन, प्रदीप नरवाल, पूरण सिंह, राजीवरसिंह प्रताप राव चव्हाण।
डिफेंडर : महेंद्र चौधरी, नीरज कुमार, जयदीप, सुरेंद्र नाडा, बिंटू नरवाल, जवाहर डागर।
ऑलराउंडर : हादी ओशटोरक, रवींद्र, साहिल मन्न, विकास जागलान।