एशियाड 2010 : चौथे दिन स्वर्ण के लिए तरसा भारत (राउंडअप)
चौथे दिन भारत को दो पदक प्राप्त हुए जबकि तीसरे दिन उसके खाते में एक स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य सहित कुल पांच पदक जुड़े थे। पदक तालिका में भारत सोमवार को सातवें स्थान पर खिसक गया। उसके कुल आठ पदक हैं। इनमें एक स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य शामिल हैं। रविवार को भारतीय टीम पांचवें स्थान पर थी।
पहले स्थान पर चीन है, जिसने अब तक 53 स्वर्ण अपनी झोली में डाले हैं। दूसरे स्थान पर दक्षिण कोरिया है, जिसके खाते में 18 स्वर्ण दर्ज हैं। जापान 13 स्वर्ण के साथ तीसरे स्थान पर है जबकि हांगकांग और चीनी ताइपे के दो-दो स्वर्ण हैं। उत्तर कोरिया ने एक ही स्वर्ण जीता है लेकिन कुल पदकों की दौड़ में वह भारत से आगे है।
चीन से हारी स्नूकर टीम, रजत से किया संतोष :
पुरुष स्नूकर टीम ने खिताबी मुकाबले में जगह बनाने के लिए पाकिस्तान को 3-0 से पराजित किया लेकिन सोमवार को फाइनल में उसे चीन से 1-3 से हार मिली।
पहले मुकाबले में भारत के यासिन मर्चेट को चीन के जुनहुई डिंग ने 70-16 से पराजित किया जबकि आदित्य मेहता ने दूसरे मुकाबले में लियांग वेनबो ने 51-46 से हराकर अपनी टीम को 1-1 की बराबरी पर ला दिया।
तीसरे मुकाबले में मर्चेट और आदित्य को डिंग तथा तियान पेंगफेई को हाथों 68-27 से हार मिली। स्कोर 2-1 हो चुका था। इसके बाद मर्चेट ने एक बार फिर मोर्चा संभाला लेकिन लियांग वेनबो ने उन्हें 96-0 से पराजित कर दिया।
भारत के पंकज आडवाणी ने रविवार को बिलियर्ड्स की एकल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था जबकि उसी दिन आलोक कुमार ने 8 बॉल पिन स्पर्धा में कांस्य हासिल किया था।
टेनिस टीम भी हारी, कांस्य मिला :
थाईलैंड को 2-1 से हराकर टेनिस स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली भारतीय पुरुष टीम को सोमवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में चीनी ताइपे से 1-2 से हार मिली।
भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाकर रविवार को ही कांस्य पदक सुरक्षित कर लिया था। भारतीय टीम में राष्ट्रमंडल खेलों में एकल स्वर्ण जीतने वाले सोमदेव देवबर्मन, सनम सिंह, विष्णु वर्धन और करण रस्तोगी शामिल हैं।
भारत के लिए सोमदेव ने एकमात्र मैच जीता। सोमदेव ने टी चेन को 6-2, 7-6 (4) से पराजित किया लेकिन इसके बाद दूसरे एकल मुकाबले में सनम को सुंग हुआ यांग के खिलाफ 7-6(3), 2-6, 6-7 (5) से हार मिली।
इसके बाद सोमदेव और सनम ने युगल मुकाबला खेला लेकिन उन्हें हार मिली। यांग और चू हुआन यी की जोड़ी ने सोमदेव और सनम को 6-4, 7-6 (1) से हराया।
पुरुष हॉकी टीम ने जीत के साथ शुरू किया अभियान :
ग्रुप-बी के अपने पहले मुकाबले में हांगकांग के खिलाफ भारतीय टीम बड़ी जीत की उम्मीद के साथ मैदान में उतरी थी। इस उम्मीद को जिंदा रखते हुए भारतीय खिलाड़ियों ने दूसरे, चौथे, 18वें, 22वें, 37वें, 38वें और 48वें मिनट में गोल दागकर शानदार जीत दर्ज की।
भारत की ओर से ड्रैग फ्लिकर संदीप सिंह ने चौथे और 18वें मिनट में दो गोल किए जबकि तुषार खांडेकर ने 37वें, भरत चिकारा ने दूसरे, अर्जुन हलप्पा ने 38वें, शिवेंद्र सिंह ने 48वें और सरवनजीत सिंह ने 22वें मिनट में एक-एक गोल किया।
भारत को कुल पांच पेनाल्टी कार्नर मिले, जिसमें से वह तीन को गोल में तब्दील करने में सफल रहा। दो गोल संदीप ने किए जबकि एक गोल तुषार ने किया। इसके अलावा बाकी के सभी गोल फील्ड गोल थे। दूसरी ओर, हांगकांग की टीम को तीन पेनाल्टी कार्नर मिले लेकिन वह एक भी मौके को भुना नहीं सका।
भारत को अपना दूसरा ग्रुप मैच मैच 20 नवम्बर को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के साथ खेलना है। 2006 में दोहा में हुए एशियाई खेलों में भारतीय टीम पांचवें स्थान पर रही थी।
सोमवार को खेले गए एक अन्य मुकाबले में मलेशिया ने सिंगापुर को 3-0 से पराजित किया। ग्रुप-ए के इस मुकाबले में मलेशिया के लिए हाफिफिहानीज हानाफी, रहीम मोहम्मद और अजलान मिसरान ने एक-एक गोल किए।
एशियाई खेलों के लिए भारत को जापान, बांग्लादेश, पाकिस्तान और हांगकांग के साथ ग्रुप-बी में रखा गया है। ग्रुप-ए में मौजूदा चैम्पियन दक्षिण कोरिया, मलेशिया, सिंगापुर, ओमान और मेजबान चीन की टीमें हैं।
वीरधवल बहुत कम अंतर से पदक से चूके :
तैराक वीरधवल खड़े ने 50 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाकर एक और पदक की उम्मीद जगाई थी लेकिन वह बहुत कम अंतर से पदक से चूक गए। वीरधवल के अलावा दूसरे तैराकों ने निराश किया।
वीरधवल ने शानदार सफलता अर्जित करते हुए 50 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई लेकिन वह पदक से दूर रह गए। फाइनल में वीरधवल ने 22.87 सेकेंड में यह दूरी नापी। वह कांस्य जीतने वाले जापान के रामारू हारादा से .03 सेंकेंड से पीछे रह गए।
वीरधवल ने क्वालीफाईंग में 22.98 सेकंड में 50 मीटर की दूरी नापकर हीट में तीसरा स्थान हासिल किया था। 19 वर्षीय वीरधवल देश के सबसे अच्छे तैराक हैं और फिलहाल वह 50, 100, 200 और 400 मीटर फ्रीस्टाइल में राष्ट्रीय चैम्पियन हैं।
50 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में भारत के एक अन्य दावेदार अर्जुन जयप्रकाश ने 24.34 सेकेंड में अपना हीट पूरा किया लेकिन वह फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सके।
100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में संदीप सेजवाल ने 1 मिनट 03.67 सेकेंड में अपने हीट में तीसरा स्थान हासिल किया लेकिन इसके बावजूद वह फाइनल में स्थान नहीं बना सके।
इसी तरह, 200 मीटर बैकस्ट्रोक में रेहान पोंचा और रोहित राजेंद्र को निराशा हाथ लगी। रेहान जहां हीट में सातवें स्थान पर रहे वहीं राजेंद्र को छठा स्थान प्राप्त हुआ।
निशानेबाजों ने किया निराश, पांचवें स्थान पर रही :
महिला एवं पुरुष निशानेबाज 50 मीटर राइफल प्रोन वर्ग की टीम स्पर्धा में निराशाजनक प्रदर्शन करते हुए पांचवें स्थान पर रहे। भारत के तीन निशानेबाजों-गगन नारंग (587), हरिओम सिंह (590) और सुरेंद्र सिंह राठौर (586) ने कुल 1763 अंक हासिल किए और पदक से महरूम रह गए।
कोई भी भारतीय निशानेबाज व्यक्तिगत तौर पर अंतिम दौर में जगह नहीं बना सका। इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक दक्षिण कोरिया के खाते में गया जिसके निशानेबाजों ने 1785 अंक हासिल किए। दूसरी ओर 1774 अंकों के साथ चीन ने रजत और 1771 अंक हासिल करके कजाकिस्तान ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
महिला वर्ग में भारतीय टीम में विश्व चैम्पियन तेजस्विनी सावंत ने 588, मीना ने 586 और लज्जा गोस्वामी ने 585 अंक जुटाए। इस खराब प्रदर्शन के कारण महिलाओं को पांचवें स्थान से संतोष करना पड़ा। भारतीय टीम ने कुल 1759 अंक जुटाए।
इस स्पर्धा में महिला वर्ग का स्वर्ण दक्षिण कोरिया ने जीता। दक्षिण कोरियाई निशानेबाजों ने कुल 1775 अंक अपने नाम किए। मेजबान चीन को कांस्य और थाईलैंड को रजत पदक प्राप्त हुआ।
सॉफ्ट टेनिस में भारत की चुनौती समाप्त :
सॉफ्ट टेनिस में भारत की चुनौती सोमवार को समाप्त हो गई। भारतीय टीम को अपने दोनों मिश्रित युगल मुकाबलों के पहले दौर में हार मिली। जितेंद्र मेहल्दा और मुरली मेनन को जापान की माइ सासाकी और एच. शिनोहारा की जोड़ी ने मात्र 16 मिनट में 3-5, 0-4, 3-5, 1-4, 1-4 से पराजित किया।
इसके अलावा मोहम्मद नासिर और तारुका श्रीवास्तव की जोड़ी को चीन के यांग जियाओ तथा सिसि क्यू की जोड़ी से 4-6, 2-4, 0-4, 4-2, 3-5, 1-4 के अंतर से हार मिली। यह मैच 25 मिनट तक चला।
वॉलीबॉल टीम अपना दूसरा मैच हारी :
भारत की पुरुष वॉलीबॉल टीम ग्रुप मुकाबले में दक्षिण कोरिया से 0-3 से हार गई। रविवार को भारत ने ग्रुप-बी में कजाकिस्तान को 3-1 से हराकर शानदार सफलता अर्जित की थी।
विश्व की 19वीं वरीयता प्राप्त कोरियाई टीम ने सोमवार को भारत को 19-25, 20-25, 19-25 से पराजित किया। भारतीय टीम ने 31वीं वरीयता प्राप्त कजाक टीम को ग्रुप-बी मुकाबले में 24-26, 25-23, 25-18, 25-21 से पराजित किया था।
विश्व की 38वीं वरीयता प्राप्त भारतीय टीम को अपने अगले ग्रुप मुकाबले में वियतनाम से भिड़ना है।
साइकिलिंग में पुरुष टीम नौवें स्थान पर रही :
भारतीय साइकिल चालक सोमवार को निराशाजनक प्रदर्शन करते हुए मुख्य दौर से बाहर हो गए।
भारतीय पुरुष टीम सोमवार को क्वालीफाईंग मुकाबले में नौंवे स्थान पर रही और अगले दौर के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी।
क्वालीफाईंग दौर में 11 टीमों ने भाग लिया जिसमें भारतीय टीम की ओर से विनोद मलिक, सोमबीर और सतबीर सिंह हिस्सा ले रहे थे।
शीर्ष आठ में जगह बनाने वाली टीमों ने अगले दौर में प्रवेश कर लिया।
भारोत्तोलन में रवि ने किया निराश, पांचवें स्थान पर रहे :
दिल्ली में संपन्न राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले भारतीय भारोत्तोलक के. रवि कुमार सोमवार को अपना पिछला प्रदर्शन दोहरा पाने में असफल रहे।
राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीत चुके रवि ने 69 किलोग्राम वर्ग में स्नैच में 141 किलोग्राम का भार उठाया जबकि पदक हासिल करने के लिए उन्हें क्लीन व जर्क में 180 किलोग्राम भार उठाने की जरूरत थी लेकिन वह ऐसा कर पाने में नाकाम रहे।
भारतीय भारोत्तोलक ने राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान कुल 321 किलोग्राम का भार उठाकर स्वर्ण पदक अपनी झोली में डालने में कामयाब रहे थे लेकिन चीन में वह कुल 311 किलोग्राम भार ही उठा पाए।
उत्तर कोरिया के कुम सोक किम ने 324 किलोग्राम भार उठाकर स्वर्ण पदक हासिल किया और ईरान के मोर्तेजा रेजियन को उतना ही भार उठाकर रजत पदक से संतोष करना पड़ा। इसका कारण यह है कि रेजियन का वजन किम से अधिक है। इंडोनेशिया के त्रियांतो कांस्य पदक पर कब्जा जमाने में सफल रहे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications