भुवनेश्वर। शनिवार का दिन ओड़िशा के उन 9 कबड्डी खिलाड़ियों के लिए आखिरी दिन बन गया जिन्होंने बीषण सड़क हादसे में अपनी जान गंवाई। ओडिशा के सुंदरगढ़ के सुरापल्ली में भीषण सड़क हादसे में 9 कबड्डी खिलाड़ियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग गंभीर तौर पर घायल हो गए।
अब तक की जानकारी के मुताबिक ओवरलोड की वजह से हादसा हुआ। शनिवार को सुंदरगढ़ जिले के सुरापल्ली में इन खिलाड़ी को ले जा रहा मिनी ट्रक पुल से नीचे जा गिरा। ओवरलोड होने की वजह से ड्राइवर ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख सका।
सेंधापुर गांव की टीम के ये खिलाड़ी बगल के धुंडीगांव से टूर्नामेंट खेलकर लौट रहे थे। ओडिशा सरकार ने मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। घायलों का मुफ्त में इलाज किया जाएगा। वहीं हादसे की वजह को जानने की कोशिश की जा रही है।