मोर्गन के मुताबिक भारत में क्रिकेट के लिहाज से यह बहुत महत्वपूर्ण समय है लिहाजा भारतीय दर्शकों को बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर इसके साथ सहयोग करना चाहिए।
मोर्गन ने कहा, "जितनी ज्यादा संख्या में दर्शक मैदान में पहुंचेंगे, हम उतने दावे के साथ कह सकते हैं कि आतंकवादी क्रिकेट का कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा। मैं इस बात को लेकर आश्वस्त हूं कि इस मुहिम में भारतीय दर्शक निश्चित तौर पर हमारा साथ देंगे।"
मोर्गन ने बताया कि भारत-इंग्लैंड श्रंखला के दौरान आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हारुन लोर्गाट भारत में ही मौजूद रहेंगे। मोर्गन के मुताबिक लोर्गाट दोनों टीमों के प्रति सहयोग और समर्थन दिखाते हुए भारतीय दर्शकों को स्टेडियम तक आने के लिए प्रेरित करेंगे।
मोर्गन ने कहा कि आतंकवाद के कारण क्रिकेट संक्रमण से गुजर रहा है और ऐसे में एकजुट होकर फैसला लेने का समय है। बकौल मोर्गन, "भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) अध्यक्ष शशांक मनोहर, इंग्लैंड व वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) अध्यक्ष जाइल्स क्लार्क हर तरह की परिस्थिति में मैच कराने के पक्षधर हैं। जाहिर तौर पर खिलाड़ियों और अधिकारियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है लेकिन आतंकवाद के डर से मैच नहीं रोके जाने चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।