इंग्लिश टीम सोमवार को अबूधाबी से चेन्नई के लिए उड़ान भरेगी। इंग्लैंड की टीम शनिवार से ही अबूधाबी में अभ्यास कर रही है।
रविवार रात को इंग्लैंड व वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के प्रबंध निदेशक हग मौरिस, पेशेवर क्रिकेटर संघ (पीसीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सीन मौरिस और ईसीबी के सुरक्षा सलाहकार रेग डिक्सन के बीच हुई बैठक के बाद खुलासा किया गया कि इंग्लिश खिलाड़ी भारत के लिए उड़ान भरने को तैयार हैं।
इंग्लैंड के ये तीन अधिकारी सुरक्षा इंतजामों का मुआयना करने के लिए लगभग एक सप्ताह से भारत में थे। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पहला टेस्ट मैच मुंबई और दूसरा मैच अहमदाबाद में होना था।
हरफनमौला एंड्रयू फ्लिंटॉफ और गेंदबाज स्टीव हर्मिसन भी अपना मन बदलकर दौरे के लिए तैयार हो गए हैं। हग मौरिस ने पत्रकारों को बताया, "हमारे खिलाड़ियों ने भारत के लिए उड़ान भरने का साहसिक फैसला किया है।"
सीन मौरिस ने कहा कि खिलाड़ियों ने डिक्सन की रिपोर्ट को चुनौती दी थी लेकिन डिक्सन ने सुरक्षा इंतजामों को लेकर उन्हें पूरी तरह आश्वस्त कर दिया।
बकौल सीन, "मैंने हर्मिसन से बात की। वे भारत दौरे के लिए तैयार हैं। यह बहुत अच्छी बात है। मैं उनके इस फैसले का सम्मान करता हूं। हम भारत में दो मैच खेलने जा रहे हैं लेकिन दूसरे मैच के आयोजन स्थल मोहाली को लेकर कुछ संशय बरकरार है।"
पाकिस्तान की अंतर्राष्ट्रीय सीमा के करीब स्थित होने के कारण सुरक्षा कारणों से अगर मोहाली की मेजबानी को हरी झंडी नहीं मिलती है तो फिर दूसरा मैच बेंगलुरू या फिर दिल्ली में आयोजित कराया जा सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।