खेल वेबसाइट 'स्पोर्टिगलाइफ' के मुताबिक बीसीसीआई के वरिष्ठ अधिकारी रत्नाकर शेट्टी ने साफ कर दिया है कि टेस्ट श्रंखला निर्धारित कार्यक्रम के आधार पर ही होगी। इसमें अब और कोई परिवर्तन नहीं किया जाएगा।
शेट्टी ने कहा, "पहला टेस्ट चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में और दूसरा मैच मोहाली स्थित पीसीए मैदान पर ही होगा। कार्यक्रम में और बदलाव की संभावना नहीं है।" पहला मैच 11 दिसंबर से जबकि दूसरा मैच 19 दिसंबर से खेला जाना है।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत पहला टेस्ट मैच मुंबई में और दूसरा मैच अहमदाबाद में होना था लेकिन मुंबई में हुए आतंकी हमलों के बाद सुरक्षा कारणों से आयोजन स्थल बदल दिए गए।
मोहाली को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई थी क्योंकि वह पाकिस्तान की अंतर्राष्ट्रीय सीमा के करीब स्थित है और यही कारण है कि इंग्लैंड व वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) सुरक्षा कारणों से वहां अपनी टीम भेजने को लेकर सावधानी बरत रहा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।