चेन्नई टेस्ट : भारत जीत से 83 रन दूर (लीड-4)
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और युवराज सिंह ने अपनी संयम भरी पारियों की मदद से भारत को लगभग जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया है। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 80 रन जोड़े हैं। तेंदुलकर जहां 165 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 65 रन बनाकर नाबाद हैं वहीं युवराज ने 68 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 45 रन बनाए हैं।
पहले सत्र में सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर (66) और राहुल द्रविड़ (4) का विकेट गंवाने वाली भारतीय टीम ने भोजनकाल के तुरंत बाद वी.वी.एस. लक्ष्मण के रूप में अपना चौथा विकेट गंवा दिया। लक्ष्मण 44 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 26 रन बनाकर स्पिनर ग्रीम स्वान की गेंद पर इयान बेल द्वारा लपके गए।
भारत ने मैच के चौथे दिन रविवार को एक विकेट के नुकसान पर 131 रन बनाए थे। गंभीर 41 और द्रविड़ दो रन बनाकर नाबाद लौटे थे। भारत ने अपना एकमात्र विकेट वीरेंद्र सहवाग (83) के रूप में गंवाया था। हालांकि पवेलियन लौटने से पहले वे जीत की नींव तैयार कर गए थे।
पांचवें दिन के पहले सत्र में भारत ने अपना पहला विकेट द्रविड़ के रूप में गंवाया। द्रविड़ 141 रन के कुल योग पर हरफनमौला एंड्रयू फ्लिंटॉफ की गेंद पर विकेटकीपर मैट प्रॉयर द्वारा लपके गए।
द्रविड़ के विदा होने के बाद तेंदुलकर और गंभीर ने तीसरे विकेट के लिए 42 रन जोड़े। 66 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर गंभीर भी चलते बने। गंभीर को जेम्स एंडरसन ने पॉल कोलिंगवुड के हाथों कैच कराया।
गंभीर ने 139 गेंदों की पारी में सात चौके लगाए। भारत का यह विकेट 183 के कुल योग पर गिरा। इंग्लैंड की ओर से स्वान ने दो विकेट लिए हैं जबकि फ्लिंटॉफ और एंडरसन को एक-एक विकेट मिले हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications