आस्ट्रेलिया के समाचार पत्र 'सिडनी मार्निग हेराल्ड' ने हेडन के हवाले से लिखा है, "इसमें कोई शक नहीं कि मोर्कल से हमें सबसे ज्यादा खतरा है। क्रिकेट की दुनिया में छह फुट से अधिक ऊंचाई वाले गेंदबाजों ने हमेशा खतरा पैदा किया है। ब्रेट ली जैसे खिलाड़ी अपवाद हो सकते हैं लेकिन मोर्कल जैसे ऊंचे कद के गेंदबाजों के खिलाफ खास सावधानी की जरूरत होती है।"
हेडन ने कुछ ऐसे नाम गिनाए जो अपनी ऊंचाई के कारण बेहतरीन गेंदबाज साबित हुए हैं। इनमें ग्लेन मैक्ग्राथ, कर्टली एंब्रोस, कर्टनी वॉल्श, एंड्रयू फ्लिंटॉफ, स्टीव हार्मिसन, वसीम अकरम और ईशांत शर्मा प्रमुख हैं।
हेडन ने कहा कि वाका मैदान पर खेले जाने वाले टेस्ट मैच के माध्यम से विक्टोरिया की प्रांतीय टीम के तेज गेंदबाज पीटर सिडल अपना टेस्ट करियर शुरू करेंगे और उन्हें आशा है कि सिडल शानदार शुरूआत करेंगे।
बकौल हेडन, "सिडल साधारण से दिखने वाले अच्छे गेंदबाज हैं। मैं इस बात को लेकर बेहद रोमांचित हूं कि वे वाका मैदान पर अपने करियर का पहला टेस्ट मैच खेलेंगे। मुझे आशा है कि वे कुछ वैसा ही आगाज करेंगे, जैसा जेसन क्रेजा ने नागपुर टेस्ट मैच में भारत के खिलाफ किया था।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।