दूसरे टेस्ट के लिए मोहाली में अभूतपूर्व सुरक्षा प्रबंध
मोहाली के पुलिस प्रमुख जितेंद्र सिंह औलख ने आईएएनएस को बताया, "पहली बार हमने किसी भी आपात स्थिति का सामना करने के लिए खिलाड़ियों के लिए 'सुरक्षित आवासों' की व्यवस्था की है। खतरे की भनक लगते ही हमारे सुरक्षाकर्मी खिलाड़ियों को तुरंत वहां पहुंचा देंगे।"
पुलिस प्रमुख ने हालांकि 'सुरक्षित आवासों' के बारे में ज्यादा कुछ बताने से इनकार कर दिया। उन्होंने सिर्फ इतना बताया कि ये विशेष प्रकार के आवास स्टेडियम के करीब ही बनाए गए हैं।
मैच के दौरान स्टेडियम की सुरक्षा के लिए 1000 सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। 700 सुरक्षाकर्मी स्टेडियम के अंदर मौजूद रहेंगे। इसके अलावा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए गुप्तचर एजेंसियों के लोग तथा पुलिस के कमांडो तैनात रहेंगे।
स्टेडियम के अंदर 120 क्लोज सर्किट कैमरे (सीसीटीवी) लगा दिए गए हैं और उन्हें सीधे पुलिस नियंत्रण कक्ष से जोड़ दिया गया है। मैच के दौैरान इन सभी कैमरों पर नजर रखी जाएगी।
औलख ने बताया, "हमने स्टेडियम को अंदर और बाहर से छह सेक्टरों में विभाजित कर दिया है। हर सेक्टर पर एक वरिष्ठ अधिकारी निगरानी के लिए मौजूद होगा।"
पुलिस प्रमुख ने कहा कि वे खुद स्टेडियम की सुरक्षा के लिए तैनात रहेंगे। किसी भी प्रकार के हवाई हमले से बचने के लिए स्टेडियम के ऊपर लाइट-मशीनगनें (एलएमजी) लगाई गई हैं और अत्याधुनिक बंदूकों के साथ कमांडो तैनात किए गए हैं।
पीसीए स्टेडियम के आसपास 18 नाके लगाए गए हैं। ये नाके 19 से 23 दिसंबर तक लगे रहेंगे। स्टेडियम की ओर जाने वाली सड़कों पर सुबह सात बजे से शाम साज बजे तक आम यातायात पर रोक रहेगी। औलख का कहना है मोहाली टेस्ट अब तक की सबसे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच खेला जाएगा।
मैच के दिन से लेकर अंतिम दिन तक स्टेडियम के मुख्य प्रवेश द्वार पर कम से कम 200 सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। वैसे गेट पर अभी से ही काफी सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिए गए हैं।
मैच के लिए स्टेडियम और टीमों की सुरक्षा के लिए सेक्टर-17 में स्थित होटल ताज के भीतर और बाहर सैकड़ों कमांडो जवानों, त्वरित कार्रवाई बलों और सशस्त्र पुलिस बलों के जवानों की तैनाती की गई है।
टीमों को होटल से स्टेडियम तक लाने और ले जाने के लिए स्थानीय पुलिस ने विस्तृत योजना तैयार की है। टीमें जब स्टेडियम या होटल के लिए निकलेंगी, तब 10 मिनट पहले ही आम यातायात रोक दिया जाएगा। टीमों की बसों को पूरी तरह सुरक्षा वाहनों के बीच ले जाया जाएगा, जिनपर एलएमजी लगे होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications