पीसीबी को गुरुवार दोपहर बीसीसीआई की ओर से भेजा गया एक ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें श्रंखला के रद्द होने की सूचना थी।
पीसीबी के प्रवक्ता ने कहा, "बीसीसीआई अध्यक्ष शशांक मनोहर ने पीसीबी प्रमुख एजाज बट्ट को ई-मेल के जरिए श्रंखला के रद्द होने की आधिकारिक सूचना दे दी है। मनोहर का ई-मेल गुरुवार को दोपहर 3.33 बजे प्राप्त हुआ।"
प्रवक्ता के मुताबिक बीसीसीआई ने अपने ई-मेल में लिखा है, "हमें सरकार के फैसले का इंतजार था। गुरुवार को सरकार ने इस श्रंखला को रद्द करने का निर्देश दे दिया। हमें कहा गया है कि मौजूदा हालात में भारतीय टीम का पाकिस्तान दौरे पर जाना संभव नहीं।"
प्रवक्ता के मुताबिक मनोहर ने ई-मेल के अंत में लिखा है कि आने वाले दिनों में जब दोनों देशों के बीच कूटनीतिक स्तर पर संबंध सुधरेंगे तो इस श्रंखला को अमली जामा पहनाने का प्रयास किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार ने मुंबई पर हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के साथ रिश्तों में आए तनाव के कारण गुरुवार को भारतीय क्रिकेट टीम का जनवरी में प्रस्तावित पाक दौरा रद्द कर दिया।
सरकार ने बीसीसीआई को इस संबंध में लिखित तौर पर सूचित करते हुए मौजूदा हालात में टीम को पाकिस्तान नहीं भेजने का निर्देश दिया है। बीसीसीआई ने इसकी पुष्टि कर दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।