पाकिस्तान के उर्दू समाचार पत्र 'जंग' के मुताबिक बीसीसीआई ने श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (एसएलसी) पर पाकिस्तान दौरे को लेकर कड़ी शर्ते रखने का दबाव डाला है।
मीडिया के मुताबिक बीसीसीआई श्रीलंकाई टीम के पाकिस्तान दौरे से खुश नहीं है और यही कारण है कि वह इस श्रंखला को मूर्त रूप नहीं लेने दे रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई पर हुए आतंकी हमले के बाद बीसीसीआई इस प्रयास में है कि पाकिस्तान में किसी भी हाल में क्रिकेट मैच न हों।
गौरतलब है कि एलएससी और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) इस श्रंखला का कार्यक्रम तय करने में पिछले कुछ दिनों से प्रयासरत हैं लेकिन उन्हें अब तक सफलता नहीं मिली है।
उल्लेखनीय है कि भारतीय टीम को 6 जनवरी से पाकिस्तान दौरे पर जाना था लेकिन मुंबई पर हुए आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के बीच कूटनीति स्तर पर बढ़े तनाव के कारण भारत सरकार ने अपनी टीम का पाकिस्तान दौरा रद्द कर दिया। इसके बाद पीसीबी ने एसएलसी के सामने श्रंखला का प्रस्ताव रखा, जिसे उसने सहर्ष स्वीकार कर लिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।