तीन मैचोंे की श्रंखला के पहले दो मैच जीतकर अजेय बढ़त बना चुकी मेहमान टीम मेजबानों से हालांकि अभी भी 320 रन पीछे है। बेहतरीन फार्म में चल रहे हाशिम अमला 30 और हरफनमौला जैक्स कैलिस 36 रन बनाकर नाबाद लौटे।
दक्षिण अफ्रीका ने सलामी बल्लेबाज नील मैकेंजी का विकेट गंवाया। खराब फार्म में चल रहे मैकेंजी 23 रन बनाकर पीटर सिडल की गेंद पर पगबाधा आउट करार दिए गए जबकि कोहनी की चोट से परेशान कप्तान ग्रीम स्मिथ 30 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए।
इससे पहले, उपकप्तान माइकल क्लार्क के करियर के 10वें शतक और मिशेल जानसन के शानदार अर्धशतक की बदौलत आस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 445 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
मैच के पहले दिन आस्ट्रेलिया ने छह विकेट के नुकसान पर 267 रन बनाए थे। क्लार्क 73 और जानसन 17 रन बनाकर नाबाद लौटे थे। मैच के दूसरे दिन क्लार्क ने 184 गेंदों पर शतक पूरा किया। वे 250 गेंदों पर 15 चौकों की मदद से 138 रन बनाकर आउट हुए।
जानसन ने 124 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके लगाए। क्लार्क और जानसन ने सातवें विकेट के लिए 142 रनों की बेशकीमती साझेदारी को अंजाम दिया।
इसके अलावा नेथन हॉरिट्ज ने भी 48 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 41 रनों का योगदान दिया जबकि सिडल ने 23 रन बनाकर अपनी टीम को मजबूती दी।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से तेज गेंदबाज डेल स्टेन और स्पिनर पॉल हैरिस ने तीन-तीन विकेट लिए जबकि जे.पी. डुमिनी, मखाया एंटिनी, मोर्न मोर्कल और कैलिस के खाते में एक-एक विकेट आए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।