खेल वेबसाइट 'यूरोस्पोर्ट' के मुताबिक शुक्रवार को फ्रांस की मैरियन बारतोली के साथ खेले जा रहे सेमीफाइनल मुकाबले के दौरान मौरेस्मो की कमर और बाएं पैर में जबरदस्त दर्द शुरू हो गया।
मैच रुकवाकर उन्हें इसका इलाज भी करवाना चाहा लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। अंतत: उन्हें मैच अधूरा छोड़कर हटना पड़ा। उस समय बारतोली पहले सेट में 4-0 से आगे चल रही थीं।
मौरेस्मो ने कहा, "मैंने खेल जारी रखने की बहुत कोशिश की लेकिन नाकाम रही। हालांकि यह चोट बहुत गंभीर नहीं है लेकिन इस महीने की 19 तारीख से होने वाले आस्ट्रेलियन ओपन के मद्देनजर मैं किसी तरह का जोखिम नहीं उठाना चाहती थी।"
उधर, शुक्रवार को ही खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में बेलारूस की विक्टोरिया एजारेंका ने इटली की सारा इरानी को 6-3, 6-1 से पराजित कर दिया। रविवार को खेले जाने वाले खिताबी मुकाबले में एजारेंका का सामना बारतोली से होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।